बदला मौसम का मिजाज, झारखंड के कई क्षेत्रों में आज बारिश के आसार..

झारखंड में मौसम ने फिर से करवट ली है। राज्य के कई इलाके में शुक्रवार को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का बहाव, मेघ गर्जन और वज्रपात भी होगा। इस दौरान उत्तर पूर्वी एवं दक्षिणी भाग में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के भी आसार हैं। ऐसा उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सरकुलेशन के बनने और एक टर्फ लाइन के इस सिस्टम से जुड़ने के साथ तेलंगाना तक कायम रहने की वजह से हो रहा है। सिस्टम का प्रभाव शुक्रवार को राज्य में ज्यादा रहेगा। इस क्रम में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक सिस्टम के असर से तापमान में दो से चार डिग्री सेसि की गिरावट आएगी। जिससे आमजन को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। बताया गया कि सिस्टम के प्रभावी होने से गुरुवार को शाम में रांची, गुमला, खूंटी, सरायकेला- खरसावां, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम के दक्षिणी भाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की बारिश हुई। राज्य में सबसे अधिक बारिश बोकारो के नावाडीह में 9.3 मिमी हुई। डुमरी में 7.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा जमशेदपुर समेत कई जगहों पर बूंदाबांदी की सूचना है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया कि सिस्टम के कमजोर होते ही 23 से फिर से मौसम शुष्क होगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी बढ़ेगी।

कई इलाके में चलती रही लू..
मौसम में बदलाव के बीच गुरुवार को कई इलाके में लू चलती रही। राज्य के उत्तर पश्चिमी एवं दक्षिणी भाग में मेदिनीनगर, चाईबासा समेत अन्य जिले में कहीं-कहीं लू की स्थिति बनी रही। मेदिनीनगर में सबसे ज्यादा उच्च्तम तापमान 42.8, जमशेदपुर में 39.4 और रांची में 38.8, देवघर 37.1, गिरिडीह में 35.4 और गोड्डा में 35.3, डिग्री सेसि रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *