Gandhi Jayanti 2021: प्रोफेशनल फॉर प्रोग्रेस यात्रा में शामिल हुए मंत्री रामेश्वर उरांव..

रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री डा.रामेश्वर उरांव के साथ झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल,वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा.राजेश गुप्ता छोटू ने लालपुर चौक के निकट स्थित बापू कुटीर में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को नमन किया। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से गांधी जयंती के मौके पर प्रोफेशनल फॉर प्रोग्रेस यात्रा का आयोजन किया गया।

प्रोफेशनल फॉर प्रोग्रेस यात्रा के तहत लालपुर चौक के जायसवाल परिवार परिसर स्थित बापू कुटीर से मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका तक यात्रा निकाली गई जिसमें वित्तमंत्री डा. रामेश्वर उरांव ने उस ऐतिहासिक कार के साथ तस्वीर भी खिंचवाई, जिस पर बैठकर गांधीजी ने रांची से रामगढ़ तक की यात्रा की थी।

इस मौके पर रामेश्वर उरांव ने बापू के सिद्धांतों की चर्चा करते हुए कहा कि उनके विचार अभी भी प्रसांगिक हैं। भारत लोकतंत्र में विश्वास रखता है, समाज मेंउनके विचारों को प्रमुखता दिया गया है। छूआछूत को कानूनन अपराध माना गया है। संविधान में खात्मे के लिए कानून बना, यह गांधीवाद का असर है। आज लोकतंत्र में सत्याग्रह होता है, यह गांधीजी द्वारा दिखाए गए रास्ते के कारण ही संभव हो पाया है। लोग अपनी मांगों और समस्याओं की ओर सत्याग्रह के माध्यम से बिना लाठी-डंडा के अहिंसा के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हैं और संवेदनशील सरकार इस पर निर्णय लेती है।

डा उरांव ने राय लक्ष्मी नारायण जायसवाल और उनके पूरे परिवार की सराहना करते हुए कहा गांधीजी की यादों को आज भी संभाल कर रखा गया है। गांधीजी 1940 में रामगढ़ अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए 1927 मॉडल के फोर्ड कार पर बैठ कर रांची से रामगढ़ गए थे। वह कार अब भी सुरक्षित है। इस परिवार ने गांधीजी के कहने पर ही अंग्रेजी शासन में दिये गये राजा और सर की उपाधि को त्याग दिया था।

झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने बताया कि गांधी जी ने 1940 में जिस आवासीय परिसर में देश की आजादी की लड़ाई को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाया करते थे, वह स्थान आज भी बापू कुटीर के रूप में यथावत है। उन्होंने बताया कि 1927 में राय पहले नॉन ब्रिटिश थे, जिन्होंने फोर्ड की यह मॉडल खरीदी थी। यह फोर सीटर इस कन्वर्टिबल कार में चार सिलेंडर इंजन है और यह आज भी आधुनिक कार से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रोफेनेशल कांग्रेस की ओर से किसानों और युवाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए प्रोफेशनल कांग्रेस की ओर से कृषि सहायता केंद्र भी खोला जाएगा और किसानों तथा युवाओं के पलायन पर अंकुश के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पूरा विश्व आज अहिंसा के मार्ग पर गांधीजी द्वारा दिखाये रास्ते पर चलकर शांति स्थापित करने के प्रयास में लगा है। लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि गांधीजी की याद और धरोहर को जायसवाल परिवार ने वर्षों से संभाल कर रखा गया है। यह कदम गांधीजी के प्रति पूरे परिवार के आदर को दर्शाता है, साथ ही आजादी की लड़ाई के नायकों को नमन करता है।

डा. राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई के दौरान आजादी का अलख जगाने कई बार बापू रांची आये और उनके नेतृत्व में इस शहर के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने भी खुलकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लिया,आज सभी को नमन करने का दिन हैं। आदित्य विक्रम जयसवाल के आवास पर बापू कुटिर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देने के उपरांत प्रोफेशनल कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेसी नेताओं ने जुलूस निकाला और शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए मोराबादी स्थित बापू वाटिका में पहुंचे। जुलूस में वह फोर्ड गाड़ी भी साथ चल रही थी जिस पर बैठकर बाबू रामगढ़ गए थे। बापू वाटिका में प्रदेश के वित्त आपूर्ति मंत्री डा रामेश्वर उरांव, प्रोफेशनल कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं राजेश गुप्ता छोटू ने बापू को श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए डा. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करने का अधिकार सबको है, आंदोलन कर रहे सभी साथियों से अनुरोध है कि वह विरोध की राजनीति छोड़ें, सरकार गंभीरता पूर्वक संवेदनशीलता के साथ उनकी मांगों पर विचार कर रही है। मौके पर राखी कौर, सुषमा अरुण साहू, प्रोफेशनल कांग्रेश कोऑर्डिनेटर सरवर पॉल, स्टेट सेक्रेटरी ख्याति मुंजाल, उपाध्यक्ष आसिफ जियाउल ,कोऑर्डिनेटर प्रिंस राज, कृष्णा सहाय, ऊषा प्रसाद, राहुल राय ,अमरजीत सिंह, राजीव चौरसिया, सूरज झा, सोनी नायक, पुनीत नायक, विकी गोप ,इरफान खान, सोनू सिंह, विवेक धान, गौरव आनंद मुख्य रुप से उपस्थित थे।