राष्ट्रपति पद का चुनाव विचारधारा की लड़ाई – यशवंत सिन्हा

विपक्ष के राष्ट्रपति पद के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कांग्रेस सांसद-विधायकों के साथ शनिवार को बैठक की। इसमें चुनाव को लेकर रणनीति तय की गई। उन्होंने सभी विधायक व सांसद से वोट देने की अपील की। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि देश में डर का मौहाल है। लोग आहत और दुखी हैं। एक व्यक्ति को छोड़ केंद्र के गृहमंत्री, मंत्री, सांसद, पार्टी के लोग, बिजनेश मैन डरा हुआ महसूस कर रहे हैं। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का जिस प्रकार दुरुपयोग हो रहा है, उससे लोगों में खौफ है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महाराष्ट्र में सरकार गिराई गई, यह किसी से छुपा नहीं है। ढाई साल सरकार चलाने के बाद क्या कई विधायकों को बोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त हुआ, जो वे अलग हो गए। पैसे और सरकारी एजेंसी का खेल हो रहा है। गोवा में भी कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कोशिश हुई, जिसमें वे सफल नहीं हुए। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के आदिवासी विधायक को राष्ट्रपति चुनाव में वोट के लिए पैसे की पेशकश की गई। यशवंत सिन्हा ने कहा कि सरकार के खिलाफ वही खड़ा रह सकता है, जो बेबाक हो और लड़ने की ताकत रखता हो। पांच साल में वोट डाल देना प्रजातंत्र नहीं है। हर दिन चिह्नित करना पड़ता है। लड़ाई का अंत इसे नहीं कहें, अभी लड़ाई की शुरुआत है। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सुधींद्र कुलकर्णी, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर मौजूद थे।

विपक्ष को भी करना होगा स्तुतिगान
यशवंत सिन्हा ने कहा कि जब उन्होंने 29 जून से राष्ट्रपति चुनाव का प्रचार शुरू किया था तो कहते थे कि प्रजातंत्र खतरे में है, लेकिन अब वे कह सकते हैं कि प्रजातंत्र मृत प्राय हो गया है। देश की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। केंद्र सरकार ने दो आदेश पारित किए हैं। एक संसद में कौन शब्द असंसदीय माना जाएगा, उसकी सूची जारी कई गई है। हास्यास्पद है कि विपक्ष सरकार को निकम्मी और भ्रष्ट भी नहीं कह सकेगी। सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष को भी स्तुतिगान करना होगा। वहीं, दूसरा संसद परिसर में विरोध पर भी रोक लगा दी गई है। संसद के अंदर चर्चा के बाद संसद भवन के बाहर विरोध होता था, लेकिन अब नहीं होगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात
राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से राष्ट्रपति चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन की अपील की। इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और कांग्रेस विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम मौजूद थे।

कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत
हजारीबाग से रांची पहुंचने पर यशवंत सिन्हा का कांग्रेस के नेताओं ने स्वागत किया। पार्टी के प्रभारी अविनाश पांडेय, राजेश ठाकुर, आलमगीर आलम, राजीव रंजन प्रसाद समेत अन्य नेताओं ने बुके व शॉल देकर उनका स्वागत किया और चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायकों का वोट उन्हें मिलेगा। राजद व वाम दलों ने भी वोट देने की सहमति जतायी है।