पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह और पूर्व विधायक ताला मरांडी की BJP में वापसी..

रांची: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता प्रवीण सिंह और पूर्व विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी फिर से मंगलवार को भाजपा (BJP) में शामिल हो गये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा (BJP) का दामन थामा। उनके साथ जेडीयू से इस्तीफा देने वाले 12 से अधिक नेता भी भाजपा में शामिल हुए। ताला मरांडी के भी समर्थक उनके साथ भाजपा (BJP) में वापस आए। मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा कि ताला मरांडी और प्रवीण सिंह के भाजपा में आने से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस राज्य के माटी की पार्टी है, जो भी इस पार्टी में एक बार आ गया वह दूसरी पार्टी में आसानी से एडजस्ट नहीं कर पाता।

बाबूलाल मरांडी ने भी भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत किया और कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो देश और समाज की चिंता करती है। बाकी पार्टियां अपने और अपने परिवार की चिंता करते हैं। प्रवीण सिंह और ताला मरांडी ने सही समय पर सही निर्णय किया है। इनके आने से पार्टी काफी मजबूत होगी। प्रवीण सिंह ने कहा कि बहुत दिनों तक पार्टी से दूर रहे लेकिन वे भाजपा से वैचारिक रूप से जुड़े रहे। एक बार फिर भाजपा में शामिल होकर सुकून मिल रहा है कि अपने घर में लौट चुके हैं।

ढाई साल बाद पूर्व विधायक ताला मरांडी की भाजपा में हुई वापसी..
बोरियो के पूर्व विधायक ताला मरांडी की करीब ढाई साल बाद भाजपा में वापसी हुई। 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें भाजपा से इस्तीफा देकर आजसू के टिकट पर बोरियो से चुनाव लड़े थे। हालांकि उन्हें हार का सामान करना पड़ा था। लम्बे समय से उनके घर वापस की चर्चा थी। पिछले दिनों बाबूलाल मरांडी के यहां दौरे के क्रम में उन्हें कई जगह साथ देखे जाने से भी इस चर्चा को बल मिला था।