गुमला में PLFI उग्रवादी गिरफ्तार, 4 जिलों में दर्ज हैं 14 मामले..

गुमला जिले की पुलिस ने शनिवार को उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के एरिया कमांडर जोहान टोपनो को टुरुंडू के डहुटोली मोड़ से गिरफ्तार किया है। जोहान टोपनो पुलिस से हुई कई मुठभेड़ में भाग निकला था। उसने चार जिलों में आतंक मचा रखा था। पुलिस को इसकी काफी दिनों से तलाश थी। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई में जोहन टोपनो के साथ मौजूद दो और उग्रवादी भागने में कामयाब रहे। यह जानकारी एसपी डॉक्टर एहतेशाम वकारीब ने रविवार को दी। एसपी डॉक्टर एहतेशाम वकारीब ने बताया कि गिरफ्तार जोहान टोपनो पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप के निर्देश पर कामडरा, बसिया, कुरकुरा, रनिया, खूंटी व तोरपा आदि क्षेत्रों में निष्क्रिय संगठन को सक्रिय करने पहुंचा था। जोहान टोपनो पर चाईबासा, खूंटी, सिमडेगा व गुमला जिले में हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत चौदह कांड दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआइ का जोहान टोपनो अपने दस्ते के साथ कामडारा थाना अन्तर्गत टुरुंडू पोजे क्षेत्र में भ्रमणशील है। वह अपने दस्ते के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए बसिया एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में छापामार दल का गठन किया गया। छापामार दल ने टुरुंडू के डहुटोली मोड़ के समीप होरनेट बाइक से एरिया कमांडर जोहान टोपनो को गिरफ्तार किया। उसके दस्ते में शामिल दो सदस्य खूंटी के रनिया थाना क्षेत्र के तुरीगढ़ा निवासी अतिश राम और कामडारा थाना क्षेत्र के सरिता निवासी अर्जुन राम भागने में सफल हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार जोहान टोपनो के साथ दोनों फरार अभियुक्तों के खिलाफ कामडारा थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। कामडारा पुलिस ने जोहान टोपनो को रविवार को जेल भेज दिया। संवाददाता सम्मेलन में एसडीपीओ अभियान मनीष लाल, एसडीपीओ बसिया विकास आनंद लागुरी उपस्थित थे।

यह भी पढ़े : पलामू पुलिस को मिली बड़ी सफलता, वाहन लुटेरा गिरोह के 9 अपराधी गिरफ्तार..