नगर आयुक्त द्वारा लाइट हाउस प्रोजेक्ट परियोजना का भौतिक निरिक्षण..

रांची: नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बुधवार को धुर्वा के आनि में लाइट हाउस प्रोजेक्ट के तहत हो रहे 1008 फ्लैटों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने एजेंसी के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में सभी सात ब्लॉकों का निर्माण मई 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए। जिससे लाभुकों को जल्द से जल्द उनसे सपनों का अशियाना उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि जरूरी वैधानिक क्लियरेंस नहीं मिले हैं। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यालय से संपर्क कर जल्द से जल्द क्लियरेंस देने का अनुरोध किया।

वहीं नगर आयुक्त ने निगम के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लाभुकों के चयन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसकी पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। इसके लिए चयन प्रक्रिया मूल्यांकन आदि सभी जानकारी पब्लिक डोमेन में उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। साथ ही निगम के पदाधिकारियों को लाइट हाउस प्रोजेक्ट से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है।

वाटर ट्रीटमेंट की होगी व्यवस्था..
लाइट हाउस फ्लैटों से निकलने वाले वेस्ट वाटर को ट्रीटमेंट के बाद इसका इस्तेमाल होर्टिकल्चर व शहर के शौचालयों की सफाई के लिए होगा। नगर आयुक्त ने कहा कि सातों ब्लॉक से हर दिन तीन लाख लीटर अपशिष्ट जल निकलेगा। इस पानी के ट्रीटमेंट की व्यवस्था की जाये ताकि, इस पानी से शहर के हॉर्टिकल्चर कार्यव स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों की सफाई की जा सके। मौके पर रांची नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, नगर निवेशक, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।