झारखंड में 14 मई से शुरू होगा 18-44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण, निःशुल्क लगेगी वैक्सीन..

झारखंड में 14 मई से 18 से 44 वर्ष के लोगों का कोरोना टीकाकरण आरंभ होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसकी घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज संताल और पलामू प्रमंडलों के सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना की जमीनी हकीकत की समीक्षा बैठक की। उन्‍होंने कहा कि झारखंड के सभी सदर अस्पताल में पीएसएम मशीन लगाया जाएगा। सभी जिला मुख्यालय में कार्डियक एंबुलेंस मौजूद रहेगा।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, “निश्चित रूप से वर्तमान समय बहुत ही चिंता की घड़ी है. सभी लोग कठिन दौर से गुजर रहे हैं. पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण के दौर से ग्रसित है। हम भी अछूते नही हैं. हमारे लिए चुनौती अधिक है क्योंकि झारखंड एक पिछड़ा राज्य है। यहां के 70% लोग ग्रामीण क्षेत्र में वास करते हैं। अधिकतर लोगों का जीवन-यापन खेती-बाड़ी अथवा मजदूरी से चलती है।

18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 14 मई से दी जाएगी वैक्सीन..
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आगामी 14 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। लोगों को वैक्सीनेशन के लिए कोई शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है, राज्य सरकार नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य कर रही है। 14 मई से जैसे-जैसे वैक्सीन की उपलब्धता होगी, लोगों को हम वैक्सीन देने में सक्षम होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन के प्रति कोई भ्रम अथवा असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है यह संदेश लोगों के बीच अधिक से अधिक प्रेषित करें। हम सभी के जीवन की सुरक्षा कवच के रूप में वैक्सीन अहम होगी।

गौरतलब है कि कोरोना वैक्सीन राज्य में 45 साल से ऊपर के लोगों को सरकार की तरफ से फ्री में लगाया जा रहा था। अब राज्य में 18 साल से ऊपर के लोगों को भी फ्री में कोरोना की वैक्सीन दी जायेगी। इससे पहले 18 साल से अधिक उम्र वालों का 1 मई से वैक्सीन लगायी जानी थी। लेकिन वैक्सीन की अनुपलभ्धता के कारण इसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा..
18 से 45 वर्ष के बीच के लोगों के टीकाकरण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सभी योग्य लाभुकों को रजिस्ट्रेशन के बाद ही टीका दिया जायेगा। इसलिए बिना रजिस्ट्रेशन कराये या टीका की अनुमति मिलने के बाद ही किसी भी केंद्र पर जायें। इसके लिए कोविन पोर्टल (cowin.gov.in) या आरोग्य सेतु एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। टीकाकरण की तारीख और टीका केंद्रों की सूची राज्य और जिला प्रशासन द्वारा जल्द घोषित की जायेगी।

ऑक्सीजन युक्त बेड की उपलब्धता पर पूरा फोकस..
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में रांची, धनबाद, जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में जीवन रक्षक दवाइयों से ज्यादा मेडिकल ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है। जहां शुरुआती दौर में राज्य में मात्र 250 ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध थे आज हम राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 10,000 से अधिक ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था कर सके हैं। ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर अफरा-तफरी के माहौल से हमें निकालने का काम किया है।

पलामू प्रमंडल में मेडिकल ऑक्सीजन रिफिलिंग यूनिट स्थापित की जाएगी..
मुख्यमंत्री ने कहा कि पलामू प्रमंडल में मेडिकल ऑक्सीजन रिफलिंग यूनिट की आवश्यकता है। राज्य सरकार जल्द इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए मेडिकल ऑक्सीजन रिफिलिंग यूनिट की स्थापना पलामू में करेगी। राज्य के सभी अस्पतालों में पीसीए मशीन भी लगाए जाएंगे.मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे।