झारखंड में अगले तीन दिनों तक छाए रह सकते हैं आंशिक बादल..

रांची: झारखंड के ऊपर सोमवार को चक्रवाती तूफान आसनी के प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि उमस की स्थिति बनी रही इसके बावजूद तीखी धूप से आमजन को थोड़ी राहत मिली। लोकल सिस्टम के प्रभावी रहने से डालटनगंज में हल्की बारिश हुई। केवीके में स्थापित उपकरण से डालटनगंज में 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। आसमान में आंशिक बादल छाए रहने से मंगलवार से उत्तर पश्चिम क्षेत्र में हीट वेब की स्थिति में कमी आएगी और तापमान में एक से दो डिग्री सेसि की गिरावट आएगी। इससे राज्य के कुछ इलाके में लू की स्थिति अभी नहीं बनेगी। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक ने बताया कि चक्रवाती तूफान अभी उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में आसनी के असर से निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण हवा के बहाव की दिशा में भी बदलाव हुआ है और झारखंड में आंशिक बादल की स्थिति बनी हुई है। मौसम पूर्वानुमान में मंगलवार से लेकर गुरुवार तक झारखंड के उपर आंशिक बादल छाए रहेंगे।

लू न चलने से राहत..
आंशिक बादल छाए रहने की वजह से सोमवार को राज्य के उत्तर-पश्चिम हिस्सा के अलावा देवघर व गोड्डा में लू की स्थिति नहीं बनी। हालांकि दिन के एक बजे तक देवघर में अधिकतम तापमान 40.2, गोड्डा में 40.9 डिग्री सेसि रहा। तापमान में सामान्य से परिवर्तन कम रहने की वजह से हीट वेब की स्थिति नहीं बनी। पूर्व में गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार और चतरा जिला में कुछ जगहों पर लू चलने की आशंका जताई गई थी।