झारखंड पंचायत चुनाव: फरवरी में घोषणा और मार्च तक चुनाव..

रांची: ग्रामीण व‍िकास और पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम ने घोषणा की है क‍ि झारखंड में पंचायत चुनाव की व‍िध‍िवत घोषणा अगले महीने यानी फरवरी में कर दी जाएगी। यही नहीं पंचायत चुनाव हर हाल में मार्च में करा लिया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर होने वाली आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। यह लक्ष्य रखा गया है कि मार्च तक हर हाल में चुनाव संपन्‍न करा लिया जाए। इस दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण झारखंड में समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराया जा सका। अब यहां 15 फरवरी 2022 के बाद कभी भी चुनाव कराया जा सकता है। बकायदा पंचायत चुनाव की घोषणा फरवरी में कर दी जाएगी। इसके लिए सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। मंत्री आलमगीर आलम ने बताया क‍ि अभी फिलहाल मतदाता सूची फाइनल नहीं हुई है। मतदाता सूची फाइनल करने का काम चल रहा है। फाइन होते ही यह निर्वाचन आयोग को भेज दी जाएगी। फ‍िर इसे सभी जिलों में भेज द‍िया जाएगा। जिला उपायुक्त वार्ड वाइज मतदाता सूची की छंटनी कराएंगे। इसके बाद यह प्रकाशित की जाएगी। अनुमान लगाया जा रहा कि सारे कार्य 10 फरवरी 2022 तक पूरे कर ल‍िए जाएंगे।

मार्च माह में पूरी तरह संपन्‍न हो जाएगा पंचायत चुनाव..
मंत्री ने कहा क‍ि मतदाता सूची फाइनल होते ही पंचायत चुनाव की घोषणा हर हाल में 15 फरवरी 2022 तक कर दी जाएगी। इसके बाद मार्च में चुनाव करा लिया जाएगा। उस समय कोरोना का कहर भी कम रहेगा और झारखंड में मौसम भी ठीक रहेगा। मालूम हो क‍ि झारखंड में पंचायत चुनाव दिसंबर 2021 में ही होना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण यह चुनाव संपन्‍न नहीं हुआ। ऐसे में सरकार ने पंचायतों के कार्यकाल को विस्तार दे दिया है। अभी पंचायती राज व्यवस्था एक्सटेंशन पर ही चलाई जा रही है।