खुलासा: झारखण्ड में माफियाओं ने सरकारी स्कूल को बना रखा था अफीम प्लांट..

झारखंड में अफीम का टेरर कनेक्शन और भी मजबूत होता जा रहा है | नक्सलियों की मांद कहे जाने वाले दूर-दराज के इलाकों और बीहड़ो में अफीम की खेती लहलहा रही है | इसी बीच एक खुलासे से रांची पुलिस की नींद उड़ गई है | आपको बता दें कि अफीम माफिया ने डोडा चूर्ण करने का मिनी प्लांट लगा रखा है, वो भी कहीं बीहड़ों में नहीं बल्कि एक सरकारी स्कूल में। और इस सरकारी स्कूल में कई दिनों से अफीम बनाने का काम चल रहा था |अफीम की खेती से नक्सली संगठनों को फंड मिल रहा है | वहीं ,अफीम की खेतों में मेहनत और उसकी सुरक्षा के लिए कई किसानों को नक्सलियों की ओर से मोटी रकम भी दी जाती है | पुलिस अफीम की खेती को रोकने की कोशिश में लगी है, लेकिन सभी कोशिशे नाकाम साबित होती नज़र आ रही है |

जानकारी के अनुसार,अफीम की खेती से होने वाली आय का इस्तेमाल नक्सली और अफीम माफिया करते हैं | साथ ही , झारखंड के कई जिलों में अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है | इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी हैं | मालूम हो कि ,रांची पुलिस ने डोडा चूर्ण करने वाली एक मशीन जब्त की है | दरअसल , रांची के दशम इलाके में कुछ साल से डोडा का चूर्ण बना कर दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था | पुलिस ने छापेमारी कर चूर्ण डोडा, डोडा पीसने वाला उपकरण को जब्त किया हैं | इससे पहले भी दशम फॉल थाना क्षेत्र के दामी गांव से पुलिस ने दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया था | दोनों तस्करों से पूछताछ के आधार पर दशम फॉल इलाके के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कूदाटोली के पुराने भवन के बारे में जानकारी मिली थी | जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और सरकारी स्कूल से इलेक्ट्रानिक मशीन, डोडा को चूर्ण करने वाली मशीन के अतिरिक्त अन्य चीजें जब्त की गयी |

इस सन्दर्भ में ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि ग्रामीण पाहन मुंडा उर्फ पहना दामी ने गांव में अफीम बेचने के लिए एक दुकान खोल रखी थी | रांची के अलावा बिहार, यूपी समेत अन्य इलाकों के लोग उसके पास आते हैं और अफीम खरीदकर ले जाते हैं | पुलिस के मुताबिक , यह धंधा करीब एक साल से चल रहा था | बीते बुधवार को पुलिस को जानकारी मिली कि अफीम खरीदने के लिए एक व्यक्ति दामी गांव पहुंचा हुआ है | जिसके बाद पुलिस की टीम ने दुकान पर छापेमारी की और दोनो को गिरफ्तार कर लिया गया और दोनों से पूछताछ के बाद बंद पड़े सरकारी स्कूल से डोडा को चूर्ण करने वाली मशीन और अन्य वस्तुएं जब्त की गयी |