नक्सली समझ कर ताबड़तोड़ चलाई गोलियां, शिकार करने गए निर्दोष आदिवासी युवक की मौत..

झारखंड के लातेहार जिले गारू थाना क्षेत्र के पीरी जंगल में शनिवार की सुबह शिकार खेलने निकले युवकों की हथियारबंद टोली और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक ग्रामीण युवक की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य घायल हो गया। मृतक की पहचान ब्रह्मदेव सिंह (24) के रूप में हुई है। मृतक पीरी गांव का ही रहने वाला है। गोलीबारी में घायल हुए युवक की पहचान दीनानाथ सिंह (25) के रूप में की गई है। उसे बांह में गोली लगी है। इससे पहले सूचना आई थी कि कुकू-पीरी के जंगल में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है।

एसपी ने किया खुलासा, घटना में नक्सली नहीं..
लातेहार एसपी प्रशांत आनंद ने खुलासा किया कि कुमंडीह के जंगलों में सीआरपीएफ कोबरा और झारखंड जगुआर की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। ऊंचाई पर बैठी एक टीम ने कुछ हथियारबंद लड़कों को आते देखा। इस बीच लड़कों ने गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक युवक मारा गया। एसपी ने बताया सर्च अभियान के दौरान 5 अन्य युवकों को हथियार के साथ पकड़ा गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। युवकों ने बताया वे शिकार करने भरठूआ बंदूक के साथ जा रहे थे। तभी उन्होंने एक जानवर को देख गोली चला दी थी। एसपी ने कहा घटना में नक्सली संगठन शामिल नहीं हैं। पुलिस इस तरह के मामले में तय प्रोटोकाल के अनुसार काम कर रही है।

6 ग्रामीण लड़के बंदूक लेकर गए थे शिकार पर..
स्थानीय ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया पीरी गांव के छह लड़कों की टोली भरठूआ बंदूक के साथ खरहा या जंगली सूअर का शिकार करने निकली थी। इस दौरान पुलिस के साथ गोलीबारी हो गई। घटनास्थल गांव से बिल्कुल सटा हुआ है। इधर मामले को लेकर ग्रामीण इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है।