रांची के वीडियो जर्नलिस्ट बैजनाथ पर जानलेवा हमले का आरोपी बेंगा गिरफ्तार..

रांची के पत्रकार बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी आकाश गिरफ्तार कर लिया गया है। रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर गठित एसआईटी की टीम ने मुख्य आरोपी बेंगा उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार रांची पुलिस ने उसे बिहार के गया से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की टीम ने राज्य के बाहर अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर रही थी। इसके अलावा रांची में भी लगातार छापेमारी की गई। इसके अलावा आरोपी की सूचना देने वाले को रांची पुलिस ने 25 हजार रुपये देने की घोषणा की थी।

मामले में रांची पुलिस मुख्य आरोपी आकाश के एक सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सदर डीएसपी प्रभात रंजन का कहना है कि शनिवार को पुलिस को सटीक सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की 3 टीम को भेजा गया था। पुलिस आकाश के रिश्तेदारों के घर लगातार छापेमारी कर रही थी। आकाश के रिश्तेदारों से ही पुलिस को आकाश के बारे में सूचना मिली और उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई। बता दें, घटना के दिन आकाश बैजनाथ पर हमला करने के बाद घर से पैसा लेकर अपने रिश्तेदार के घर जाने की बात बोल कर घर से निकल गया था।

बता दें कि एक निजी चैनल में बतौर सीनियर वीडियो जर्नलिस्ट काम कर रहे बैजनाथ महतो पर रांची के सदर थाना क्षेत्र के तिरिल बस्ती में 11 सितंबर की रात जानलेवा हमला किया गया था। 12 सितंबर की सुबह बैजनाथ को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। अभी बैजनाथ वहीं इलाजरत है और कल उन्हें होश आया था।