यूक्रेन से झारखंडवासियों की वापसी पर सरकार देगी टिकट का खर्च..

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऐलान किया है कि यूक्रेन में बने नए गतिरोध के बीच अपने निजी खर्च से झारखंड लौटने वाले राज्यवासियों के टिकट की राशि का भुगतान राज्य सरकार करेगी। उन्होंने शनिवार को कहा कि झारखंड सरकार, केंद्र के साथ मिलकर सभी राज्यवासियों को हरसंभव मदद पहुंचाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में झारखंड के फंसे लोगों से संबंधित रिपोर्ट के बाद टिकट का पैसा लौटाने की बात कही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद इस घोषणा की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल से दी है।

शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूक्रेन में पढ़ने या रोजगार के लिए गए झारखंडवासियों और उनके परिजनों से झारखंड कंट्रोल रूम के फोन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी देने की अपील की थी। मुख्यमंत्री की अपील के बाद पहले ही दिन शनिवार को शाम पांच बजे तक राज्य के 16 जिलों के करीब 86 लोगों के फंसे होने की सूचना कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई है। इनमें 24 लड़कियां जबकि 62 लड़के हैं। संपर्क करने वाले बेहद डरे हुये हैं। सभी किसी तरह वापस लौट आना चाहते हैं। आपबीती सुनाते हुये लोगों ने बताया है कि वह पोलैंड, रोमानिया, रसिया के बॉर्डर पर बंकर में छुपे हुए हैं और परिवहन व्यवस्था बहाल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, ताकि वहां से निकलकर स्वदेश वापस लौट सकें।

पहले दिन 100 कॉल, अधिकतर मेडिकल छात्र..
राज्य सरकार के द्वारा स्थापित कॉल सेंटर पर करीब 100 से अधिक कॉल आए हैं। इनमें झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओड़िशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और कर्नाटक के लोगों ने भी संपर्क किया है। कॉल करने वाले ज्यादात्तर मेडिकल के छात्र हैं जो यूक्रेन के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने गये हुये हैं।

ये जारी किए हैं नंबर..
नियंतत्रण कक्ष: 0651-2481055, 0651-2480058, 0651-2480083, 0651-2482052, 0651-2481037, 0651-2481188
इन व्हाट्सएप नंबर पर भी कर सकते हैं संपर्क: 9470132591, 9431336427, 9431336472,  9431336432, 9431336398

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *