अब नहीं कटेगा मैन्यूअल चालान, निगम की इंफोर्समेंट टीम ई-पॉश और वॉकी टाकी से हुई लैश..

रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम को आज वॉकी टाकी व ई-पॉश मशीन दे दिया गया। इसके बाद निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा मैन्यूअल चालान नहीं काटेंगे। गौरतलब है कि शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान निगम को इंफोर्समेंट टीम द्वारा अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद निगम ने टीम को ई-पॉश मशीन देने का निर्णय लिया। इसके अलावा टीम को वॉकी टॉकी डिवाइस भी दिया जाएगा। जिसकी मदद से टीम आपस में कम्यूनिकेट करेगी। अभी वायरलेस डिवाइस नहीं होने के कारण टीम को सूचनाओं व दिशा-निर्देश व्हाट्सएप पर ही प्राप्त होते हैं। इससे कई बार कार्रवाई में विलंब हो जाता है। आज निगम कार्यालय सभागार में नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने टीम को ये उपकरण दिए।

मौके पर नगर आयुक्त ने कहा राँची शहर को व्यवस्थित रखने के लिए राँची नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि जुर्माना वसूलने से ज़्यादा महत्वपूर्ण है आमजनों के बीच जागरूकता लाना है। वहीं मेयर आशा लकड़ा ने कहा की राँची नगर निगम देश में उन चुनिंदा नगर निगम में से एक है जहाँ इन्फोर्समेंट टीम का गठन किया गया है एवं नगरपालिका में उल्लेखित प्रावधानिक नियमों एवं उपनियमों को शहर में बेहतर तरीके से लागू करने के लिए इन्फोर्समेंट टीम बेहतर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों पर शास्ति का अधिरोपण हमेशा अंतिम विकल्प होना चाहिए। नागरिकों के द्वारा अगर थोड़ी-बहुत भूल हो जाती है तो उन्हें जितना हो सके शालीनता के साथ बातचीत के जरिये उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।

उप महापौर के द्वारा कहा गया कि राँची नगर निगम पूरे झारखण्ड में तकनीकी रूप से सबसे सक्षम निगम है एवं हर क्षेत्र में टेक्नालाजी का बेहतर तरीके से इस्तेमाल निगम के द्वारा समय दर समय किया जाता रहा है। वायरलेस डिवाइस एवं POS Device से लैस होने के बाद इन्फोर्समेंट कर्मियों के दैनिक कार्यों में तीव्रता एवं पारदर्शिता आएगी। मौके पर उप नगर आयुक्त श्री कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त श्री रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती शीतल कुमारी, नगर प्रबंधक श्री अंबुज कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।