झारखंड सरकार का आदेश, मैरी नीलिमा केरकेट्टा होंगी JPSC की पहली महिला अध्यक्ष..

सेवानिवृत्त आइएएस अफसर मैरी नीलिमा केरकेट्टा जेपीएससी की नयी अध्यक्ष होंगी। राज्य सरकार ने उन्हें अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार के आदेश के बाद अब इससे संबंधित प्रस्ताव मंत्रिपरिषद की बैठक में जायेगा। वहां से सहमति होने के बाद अंतिम स्वीकृति के लिए राज्यपाल के पास भेजा जायेगा। उनकी स्वीकृति के बाद अधिसूचना जारी होगी। नीलिमा जेपीएससी की पहली महिला अध्यक्ष होंगी। नीलिमा केरकेट्टा महाराष्ट्र कैडर की 1994 बैच की आइएएस अधिकारी रही हैं।

वह महाराष्ट्र सरकार में लोक स्वास्थ्य विभाग में प्रधान सचिव तथा महाराष्ट्र राज्य खादी ग्रामोद्योग मंडल में सीईओ आदि के पद पर कार्य कर चुकी हैं। पांच साल तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी थीं। इन्होंने झारखंड में भी प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, पर्यटन, कला संस्कृति सहित कई विभागों में पदस्थापित रह चुकी हैं। नीलिमा केरकेट्टा रांची की रहने वाली हैं। कांके निवासी नीलिमा के पिता डा. आर केरकेट्टा जानेमाने कृषि वैज्ञानिक थे जो बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति भी रह चुके हैं।

इन परीक्षाओं के परिणाम में देरी..
जेपीएससी में अध्यक्ष की नियुक्ति होने से लंबित परीक्षाओं शीघ्र आयोजित हो सकेंगी। जो प्रतियोगिता परीक्षाएं लटकी हुई हैं उनमें आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों, वरीय दंत चिकित्सकों, दंत चिकित्सकों, जिला दंत चिकित्सा पदाधिकारियों समेत अन्य पदों की नियुक्ति से संबंधित परीक्षाएं भी शामिल हैं। वहीं बहाली में हो रही देरी के कारण मेडिकल कालेजों की मान्यता पर भी संकट खड़ा हो सकता है।