Headlines

पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे समेत 19 लोगों की हत्या करने वाला नक्सली धराया..

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के पुत्र सहित 20 लोगों की हत्या के मामले में नामित नक्सली कोल्हा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को बिहार के जमुई जिले के चरकापथल थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को गिरिडीह जिले के किसी थाना में लाया गया है।

आपको बता दें कि गिरिडीह के चिलखारी मैदान में 26 अक्टूबर 2007 को पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के पुत्र अनूप मरांडी समेत 20 लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी।

 

रांची में दिन दहाड़े व्यापारी से एक करोड़ 25 लाख रुपये की लूट..

झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना इलाके में सोमवार की सुबह लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने पिस्तौल दिखा कर व्यापारी नीकेश मिश्रा से एक करोड़ 25 लाख रुपये लूट कर रफ़ूचक्कर हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अपराधियों की खोज करने में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक व्यापारी नीकेश मिश्रा अपने साथियों के साथ किसी महाजन के पास 1,25,00,000 रुपये जमा करने जा रहे थे। घर से निकलते ही ओबरिया रोड पर अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोका और पिस्तौल दिखा कर गाड़ी में मौजूद सभी लोगों को उतरने को कहा, और खुद पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

व्यापारी नीकेश मिश्रा ने घटना की जानकारी फौरन पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस एवं बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए है।