गोइलकेरा में BJP के पूर्व विधायक पर नक्सली हमला, दो बॉडीगार्ड शहीद..

प. सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से 60 किमी दूर गोईलकेरा थाना क्षेत्र के झीलरुआं में आज शाम हुए नक्सली हमले में भाजपा के पूर्व विधायक गुरुणचरण नायक बाल-बाल बच गये, लेकिन इस हमले में उनके दो बॉडीगार्ड शहीद हो गये। शहीदों में शंकर नायक व ठाकुर हेम्ब्रम शामिल हैं। एक बॉडीगार्ड जो घटना में पूर्व विधायक के साथ बच निकला, वह घाटशिला निवासी राम कुमार टुडू है। तीनों झारखंड पुलिस के हैं। हत्या से पूर्व नक्सलियों ने तीनों बॉडीगार्ड की बंदूक के बट से पिटाई की और उनके हथियार लूटकर चलते बने। वारदात गुरुचरण के घर से महज दो किमी पर हुई। झीलरुआं मैदान पूर्व विधायक गुरुचरण नायक के सोनुवा थाना क्षेत्र के टुनियां स्थित आवास से महज दो किमी दूर है।

गोईलकेरा थाना से दस किमी पर झीलरुआं में मुख्य अतिथि थे पूर्व विधायक
सूचना के अनुसार गोईलकेरा थाना क्षेत्र से लगभग 10 किमी पर झीलरुआं मैदान में दो दिनी खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पहुंचे थे। कार्यक्रम चल रहा था कि शाम लगभग साढ़े पांच बजे नक्सलियों (भाकपा माओवादी) का दस्ता आ धमका। मैदान में दस्तक देते ही नक्सलियों ने पूर्व विधायक नायक के दो बॉडीगार्ड को कब्जे में ले लिया। उनके हथियार छीन लिये और बंदूक के बट से पिटाई के बाद उनकी हत्या कर दी है। हालांकि, एक अन्य बॉडीगार्ड और पूर्व विधायक नायक सुरक्षित बच निकले। ग्रामीणों के अनुसार जवानों की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। दोनों जवान बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या की गई है। लेकिन घटनास्थल पर अभी पुलिस नहीं पहुंची है। पुलिस के वहां पहुंचने पर पूरी जानकारी मिलेगी।

निजी ड्राइवर किशोर ने पूर्व विधायक व एक बॉडीगार्ड को सुरक्षित निकाला
नक्सली हमला देख पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने मैदान में बने मंच से दौड़ लगा झीलरुआं हाई स्कूल के पीछे से होकर झाड़ियों में छिपते-छिपाते अपनी जान बचायी। वहीं, नक्सलियों ने तीनों बॉडीगार्ड से हथियार छीनने के बाद एक बॉडीगार्ड राम कुमार टुडू को छोड़ दिया। नक्सलियों ने खेलकूद में पहुंचे ग्रामीणों की बाइक सड़क पर रख सड़क जाम करने की कोशिश किया। लेकिन, ड्राइवर किशोर महतो जैसे-तैसे पहले निजी वाहन स्कॉर्पियो को मुख्य सड़क के पास ले गया। जिसके बाद किशोर ने गुरुचरण नायक व बॉडीगार्ड राम कुमार टुडू से मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें वाहन के पास पहुंचने को कहा। दोनों वाहन के पास पहुंचने के साथ ही वह दोनों को सीधे सोनुवा थाना पहुंचाया।

नक्सली पूर्व में भी गुरुचरण नायक को बना चुके हैं निशाना
नक्सली गुरुचरण नायक के विधायक रहने के दौरान 9 जनवरी 2012 को आनंदपुर थाना क्षेत्र के हरता व खटांगबेड़ा गांव के पास दो बार हमला कर चुके हैं। गुरुचरण नायक 9 जनवरी 2012 को आनंदपुर प्रखंड के हारता गांव में स्कूल भवन का उद्घाटन व सड़क का शिलान्यास करने पहुंचे थे। तभी नक्सलियों ने नायक व उनके कार्यकर्ताओं पर एक घंटे के अंदर दो बार हमला कर दिया। विधायक की सुरक्षा में साथ गयी पुलिस के साथ नक्सलियों की करीब डेढ़ घंटे तक गोलीबाड़ी होती रही। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।