चान्हो के शहीद जवान अभिषेक को दी गई अंतिम विदाई, लद्दाख में ड्यूटी के दौरान हुई थी मौत..

लद्दाख में ड्यूटी पर तैनात चान्हो के शहीद जवान अभिषेक साहू का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव चोरेया में किया गया। यहां शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोग चन्हो के चौक-चौराहे पर जुट गए। कई युवक तिरंगा लेकर उनके गांव पहुंचे। इससे पहले मंगलवार की रात शहीद अभिषेक का पार्थिव शरीर रात रांची लाया गया। यहां राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, राज्य के मंत्री चंपई सोरेन समेत सेना और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ज्ञात हो कि चान्हो निवासी अभिषेक सेना की टुकड़ी के साथ लद्दाख में तैनात थे। बीते शनिवार करीब दोपहर दो बजे वो पहाड़ की चोटी से फिसल कर नीचे गिर गए। जिस जगह पर वो गिरे, वहां बारूदी सुरंग बिछी हुई थी। जिससे गिरने पर विस्फोट हुआ और वो गंभीर रूप घायल हो गए। साथी जवानों द्वारा उन्हें हेलीकॉप्टर से करगिल मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जवान अभिषेक साहू उर्फ विक्की की सेना में नियुक्ति दिसंबर 2015 में हुई थी। तीन भाई-बहन में सबसे छोटे अभिषेक ने कॉलेज से पढ़ाई की। उनके पिता भी इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी अभिषेक पर ही थी।