रांची एयरपोर्ट पर पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा..

रांची में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया| जानकारी के मुताबिक समय रहते ही पायलट ने विमान में गड़बड़ी का अंदेशा जताया जिसके बाद 78 यात्रियों से भरे विमान की उड़ान रोक दी गई| रात 8.45 बजे इंडिगो की फ्लाइट रांची के बिरसामुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी| पायलट ने जैसे ही इंजन स्टार्ट किया उसे लगा कि कुछ खराबी है। उसने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी जिसके बाद इंजीनियरों की टीम पहुंची और जांच की| तकनीकी कारणों को देखते हुए फ्लाइट रद्द कर दी गई| इंजीनियरों का मानना है कि अगर पायलट खामी नहीं पकड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता।

दूसरी तरफ फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों ने खूब हंगामा किया| दरअसल पहले यात्रियों को कोलकाता से इंडिगो की एक फ्लाइट आने की सूचना दी गई। रात 10.10 बजे ये फ्लाइट आने वाली थी लेकिन कोलकाता की फ्लाइट में सवार यात्रियों ने रांची होकर आने से मना कर दिया और इसे लेकर हंगामा भी किया|

बाद में एयरपोर्ट प्रबंधन ने विमान में खराबी की पुष्टि करते हुए एयरलाइंस की तरफ से सुबह यात्रियों को दिल्ली जाने की व्यवस्था करने की बात कही। इसके अलावा सुबह की फ्लाइट के लिए यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई वहीं जिन्होंने वैकल्पिक विमान से यात्रा करने को मना कर दिया उन्हें रिफंड दिया गया|