जस्टिस तरलोक सिंह चौहान बने झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

रांची | हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को झारखंड हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी देते हुए इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।

झारखंड हाई कोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव का तबादला त्रिपुरा हाई कोर्ट कर दिया गया है। उन्होंने 25 सितंबर 2024 को झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली थी।

जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का परिचय

जस्टिस चौहान ने शिमला से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। वर्ष 1989 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में एडवोकेट के रूप में निबंधन कराया।
2014 में उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और उसी वर्ष वे स्थायी न्यायाधीश बने। न्यायपालिका में उनके तीन दशकों से अधिक के अनुभव को देखते हुए अब उन्हें झारखंड हाई कोर्ट की कमान सौंपी गई है।

राज्य में प्रशासनिक बदलाव भी जारी

इधर, झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को संबंधित जिले के बंदोबस्त पदाधिकारी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

साथ ही, अभयनंदन अंबष्ठ को पोषण मिशन के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×