झामुमो उलगुलान ने मिलाया एनडीए से हाथ, दुमका व बेरमो उपचुनाव में भाजपा के साथ..

झारखंड में दुमका और बेरमो उपचुनाव के मद्देनज़र गुरुवार को झामुमो उलगुलान एनडीए खेमे में शामिल हो गया। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष कृष्णा मार्डी ने इस बात की औपचारिक घोषणा प्रदेश भाजपा कार्यालय में की। मार्डी ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी दुमका और बेरमो उपचुनाव में भाजपा को समर्थन देगी। उन्होंने इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को जिताने का संकल्प लिया।

प्रदेश की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए मार्डी ने कहा कि हेमंत सरकार से झारखंड की जनता त्रस्त है। यहां कांग्रेस-झामुमो का झूठ बेनकाब हो चुका है। अटलजी ने अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया। और तो और एनडीए शासन काल में राज्य को विकास की रफ्तार मिली| लेकिन वर्तमान कीहेमंत सरकार में सब ठप्प पड़ गया है।

सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से सांसद और सरायकेला से दो बार विधायक रहे कृष्णा मार्डी ने सांसद रिश्वत कांड के बाद झामुमो से अलग होकर झामुमो (मार्डी गुट) का गठन किया था।

भाजपा कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो परिवारवाद की पार्टी है। इस उपचुनाव में जनता वंशवाद की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने के लिए तैयार है। यहां झामुमो-कांग्रेस की हार तय है। कांग्रेस ने वंशवाद को आगे बढ़ाया, और अब झामुमो और राजद इसका अनुपालन कर रहे हैं। वहीं, भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में लगी है।