बंगाल चुनाव से पहले बिना किसी संबंध, बुद्धिजीवियों को अपना बता रही भाजपा- जेएमएम

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर केंद्र सरकार ने कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में पराक्रम दिवस का आयोजन किया| इस कार्यक्रम में शामिल होने बकायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे| इस दौरान पीएम मोदी ने वहां मंच से अपना संबोधन भाषण दिया| वहीं इधर झारखंड में केंद्र सरकार के इस पराक्रम दिवस आयोजन को आड़े लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा भाजपा पर जमकर निशाना साधा है| शनिवार को रांची में जेएमएम के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता कर अपनी बात रखी| उन्होंने कहा कि आज के समय में भाजपा वैसे साम्यवादी-समाजवादी चिंतकों को अपने संघी विचारधारा से जोड़ रही है, जिसका संघ से कभी कोई संबंध ही नहीं रहा है|

सुप्रियो ने कहा कि पार्टियों में विचारधारा की लड़ाई हो सकती है लेकिन भाजपा हमेशा चुनावी मौसम देखकर हर महान हस्तियों को अपना बना लेती है| चुनाव देखकर किसी को अपना बनाना ये सही नहीं है| आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा द्वारा बंगाल या पूर्वी भारत के कुछ बुद्धिजीवियों को अपना बताना निंदनीय है|

उन्होंने कहा कि चाहे वो रामकृष्ण परमहंस हो या लोकनाथ बाबा, मध्व सम्प्रदाय के स्वामी जी, रविंद्र नाथ टैगोर, विवेकानंद हो या नेता जी सुभाष चंद्र बोस हो, भाजपा सभी को केवल विधानसभा चुनाव के लिए अपना बता रही है| लेकिन ऐसा करने से पहले भाजपा को संघ का इतिहास पढ़ना चाहिए, वहीं संघ, जहां से ये पार्टी निकली है|