झारखंड में मौसम का मिजाज़ बदला, रांची सहित कई जिलों में बारिश

रांची सहित अन्य जिलों में गुरुवार की सुबह से ही मौसम का मिज़ाज़ बदला हुआ है। आसमान में बादल छाये हुए हैं तो कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की भी खबर आ रही है।  मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों तक रांची और आसपास के इलाकों में बादल बने रह सकते हैं।  न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं।

आज रांची, पलामू, गढ़वा समेत झारखंड के विभिन्न जिलों में बारिश हुई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान यथावत बना रहा।

महापर्व छठ के पहले अर्ध्य के दिन शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाये रहेंगे।

बदलते मौसम में बरते सावधानी

बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।  इसी बदलते मौसम में बीमारी का प्रकोप बढ़ जाता है। ठंड के इस शुरुआती मौसम में दिल, दमा और फेफड़े से संबंधित बीमारियां बढ़ जाती हैं। बुजुर्गों में जोड़ों की समस्या भी देखने को मिलती है। ऐसे में इस बदलते मौसम में बचाव व सावधानी ही एकमात्र उपाय है।