झारखंड के डीजी एमवी राव सेवानिवृत्त, जैप वन ग्राउंड में दी गई विदाई..

रांची : 1987 बैच के झारखंड कैडर के आइपीएस अधिकारी व झारखंड के पूर्व प्रभारी डीजीपी एमवी राव गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। रांची के जैप ग्राउंड में होमगार्ड डीजी एमवी राव की विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यहां विभाग की ओर से विदाई दी गई। विदाई समारोह जैप 1 डोरंडा में आयोजित किया गया। विदाई समारोह में डीजीपी नीरज सिन्हा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी शामिल हुए हैं। एमवी राव फिलहाल होमगार्ड डीजी सह अग्निशमन के महासमादेष्टा हैं। विदाई समारोह में डीजी एमवी राव को परेड की सलामी दी गई और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। एमवी राव ने मौके पर मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।

झारखंड कैडर के 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी एमवी राव की गिनती तेज-तर्रार अधिकारियों में की जाती रही है। वे पूर्व में दो बार रांची के एसएसपी, एसपी गुमला, एसपी हजारीबाग भी रह चुके हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दो बार आइजी, बोकारो के आइजी, सीआइडी के एडीजी, पुलिस आधुनिकीकरण कैंप नई दिल्ली में विशेष कार्य पदाधिकारी भी रह चुके हैं। वहां से लौटने के बाद उनका पदस्थापन डीजी होमगार्ड सह अग्निशमन के डीजी के पद पर किया गया था। गत वर्ष 15 मार्च 2020 को उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था। उन्होंने इस पद पर 11 माह का कार्यकाल पूरा किया। 12 फरवरी 2021 को उन्होंने नए डीजीपी नीरज सिन्हा को डीजीपी का पदभार दे दिया था। इसके बाद से ही वे गृह रक्षा वाहिनी सह अग्निशमन के डीजी के पद पर पदस्थापित थे।