Headlines

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी को लेकर झारखंड कांग्रेस का मौन व्रत..

झारखंड में कांग्रेस के नेताओं ने आज 3 घंटे तक मौन प्रदर्शन किया। यूपी के लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग को लेकर झारखंड कांग्रेस की ओर से आज राजभवन के समक्ष यह मौन व्रत रखा गया। इस मौन व्रत का आयोजन झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख सहित कई जिलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मौके पर राजेश ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार लखीमपुर की घटना की दोषियों को भाजपा की सरकार बचाने का प्रयास कर रही है, इससे यह साफ प्रतीत होता है कि BJP के शासनकाल में न्याय नहीं मिल सकता। आज देश में संविधान प्रदत्त शक्तियों का दुरुपयोग हो रहा है। किसानों के जायज मांग को लेकर जिस तरह केंद्र की मोदी सरकार ने कुचलने का काम किया है। भाजपा नेता सह केंद्रीय गृह मंत्री के बेटे ने किसानों को जिस तरह कुचला है,वह काफी शर्मनाक है। कांग्रेस पार्टी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को न्याय दिलाने को लेकर आंदोलनरत है। पिछले दिनों हमारी महासचिव प्रियंका गांधी की लड़ाई को समर्थन देने के लिए झारखंड कांग्रेस के नेताओं ने उत्तर प्रदेश कूच किया था। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार ने हमें बॉर्डर पर रोक दिया। इससे साफ पता चलता है योगी सरकार कांग्रेस पार्टी से डरी हुई है। जिस तरह कांग्रेस ने अपना आंदोलन चलाया, उससे भाजपा दबाव में है. उसी दबाव का हश्र है कि हमारे नेता प्रियंका गांधी राहुल गांधी को पीड़ित परिवार से मिलने दिया गया।

वहीं आलमगीर आलम ने कहा कि किसानों के लगातार 11 महीने से चल रहे आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस पार्टी शुरू से खड़ी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कांग्रेस द्वारा आंदोलन चलाए जाने के सवाल पर विधायक दल के नेता ने कहा कि कांग्रेस चुनाव देखकर कोई कार्यक्रम नहीं करती है। पार्टी नेता हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर लड़ाई लड़ते रहे हैं। किसानों की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं का सड़क पर उतरना इसी जनित मुद्दे की लड़ाई का एक हिस्सा है। लखीमपुर की घटना की निंदा करते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है।