कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं, मुझे अपने विधायकों पर गर्व: अविनाश पांडेय

कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व झारखंड से बहुत उम्मीदें रखता है। कांग्रेस और कांग्रेसी विचारधारा यहां के लोगों में रची-बसी हुई है। झारखंड के डीएनए में कांग्रेस की विचारधारा है। ये कहना है झारखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी अविनाश पांडेय का। झारखंड की हेमंत सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार की कई चुनौतियां भी होती हैं। कई समझौते भी करने होते हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि वो सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बात को सुनकर उनकी भावनाओं से अवगत होंगे और अगले 60 दिनों के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर आलाकमान को अवगत करायेंगे। कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तय करना उन्होंने अपनी प्राथमिकता बतायी। कहा कि जनता से चुनाव पूर्व की गयी घोषणाओं को लागू करवाना मेरा संकल्प है। कांग्रेस प्रभारी अव‍िनाश पांडेय ने शन‍िवार शाम अपने अभिनंदन समारोह में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

शक पैदा करने वालों को हमारे व‍िधायकों ने ही जवाब दे द‍िया..
कांग्रेस प्रभारी अव‍िनाश पांडेय ने कहा क‍ि मुझे विधायकों पर गर्व है। कोई शक, संशय पैदा करने की कोशिश भी कर रहा है तो जवाब हमारे विधायकों ने दिया है। राजस्थान की बात हो या कहीं और की, हमारे विधायक कभी हिले नहीं। पिछले कुछ वर्षों से गैर भाजपा सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस की मजबूती के लिए एक कार्यकर्ता के रूप में सभी काम करेंगे। सबसे आवश्यक होगा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम। देर आये दुरुस्त आए।

झारखंड प्रभारी बनने के बाद पहली बार रांची पहुंचे अव‍िनाश पांडेय..
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन स‍िंंह के भाजपा में चले जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान द्वारा तैनात क‍िए गए नए झारखंड कांग्रेस प्रभारी अव‍िनाश पांडेय शन‍िवार को पहली बार रांची पहुंचे। रांची पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने सबसे पहले बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। भगवान ब‍िरसा मुंडा की प्रत‍िमा को माल्यार्पण किया। एक घंटा गेस्ट हाउस में आराम करने के बाद कांग्रेस नेताओं से मुलाकात का स‍िलस‍िला शुरू हो गया है। तीन द‍िनों तक वह नेताओं से म‍िलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *