अभी तक नहीं आए 11 वीर श्रमिकों के शव, उत्तराखंड ग्लेशियर हादसे में मारे गये थे झारखंड के 11 मजदूर..

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मंगलवार को दूरभाष पर बात कर जोशीमठ में ग्लेशियर टूटने से मृत झारखंड के 11 निवासियों का पार्थिव शरीर परिवार को वापस भेजने को लेकर अपनाये जा रहे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के रवैये पर खेद जताया है। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों को इस संबंध में आदेश दें ताकि मृत मजदूरों का उनके परिजन अंतिम दर्शन कर सकें।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में 23 अप्रैल को ग्लेशियर टूटने से आई आपदा में झारखंड के 11 मजदूरों की मौत हो गई थी। दुमका, पश्चिम सिंहभूम, खूंटी और रांची के रहने वाले ये मजदूर सीमा सड़क संगठन में काम कर रहे थे। अबतक मृत श्रमिकों का शव झारखंड भेजने की पहल नहीं की गई है। इससे नाराज नाराज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर सीमा सड़क संगठन को आदेश देने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री ने फोन पर भी रक्षा मंत्री से बात की है। सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से बीआरओ में काम कर रहे वीर श्रमिकों को हमने खो दिया। मृतकों को झारखंड भेजने के लिए बीआरओ द्वारा अभी तक कार्यवाही नहीं की गई है। फोन पर आदरणीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात हुई और उन्होंने बीआरओ की कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए मदद का आश्वासन दिया है।

मजदूरों का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कराने की तैयारी..
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड में ग्लेशियर टुटने से आई आपदा में जान गंवाने वाले मजदूरों का पार्थिव शरीर उनके परिवार के बीच अंतिम दर्शन के लिए लाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मजदूरों का पार्थिव एयरलिफ्ट कराने की तैयारी है। इसकी प्रक्रिया पूरी करने में झारखंड सरकार जुटी है।

इन श्रमिकों की भी हुई मौत..
चमोली हिमस्खलन मामले में झारखंड के दुमका जिला निवासी तारणी सिंह, मनोज थानदार, रोहित सिंह, राहुल कुमार के अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिला के मसीह दास मारकी और रांची के निर्मल सांडिल और सुखराम मुंडा की मौत हो चुकी है।

7 श्रमिक हुए घायल..
चमोली हिमस्खलन मामले में खूंटी जिला के राय कंडुलना, संजय कंडुलना, महेंद्र मुंडा, मंगल दास पाहन के अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिला के फिलिप बुढ़, अनुज टोपनाे और कल्याण मारकी घायल हो गये हैं।