झारखंड: आने वाले दिनों में इन इलाकों में वज्रपात के साथ बारिश के आसार..

आने वाले दिनों में राज्य में मौसम का हाल बदलने वाला है। झारखंड में बढ़ते तापमान के बीच कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रांची एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र की मानें तो राज्य के कई जिलों में बारिश के आसार नज़र आ रहे हैं साथ ही गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 9, 10 और 11 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ आदि जिलों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. राज्य के अन्य हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। 12 मार्च को लातेहार, लोहरदगा के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे साथ ही कुछ जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। श्री आनंद के मुताबिक 12 मार्च को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में गर्जन और वज्रपात होने की भी आशंका है।

मौसम विभाग की माने तो 13 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिले के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे| इन इलाकों मेघ गर्जन और हल्की बारिश की भी संभावना है।

झारखण्ड में अगले दो तीन दिनों तक जहां रात के तापमान में किसी तरह के बड़े बदलाव की कोई संभावना नहीं है, वहीं दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक इज़ाफ़ा हो सकता है।