राज्य सरकार से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद होमगार्ड जवानों का जेल भरो आंदोलन स्थगित..

झारखंड के होमगार्ड जवानों का जेल भरो आंदोलन स्थगित हो गया। होमगार्ड जवानों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद सरकार ने सकारात्मक पहल की। अब बिहार की तरह झारखंड के होमगार्ड जवानों की भी सरकारी विभागों में तैनाती होगी। इस बाबत जल्द आदेश जारी होने को भी संभावना है। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अगले दो महीने में मानदेय बढ़ाने पर निर्णय लेगी। वार्ता में होमगार्ड के जवानों को इस बात का भरोसा दिया गया है। गृह सचिव के आश्वासन के बाद होमगार्ड के जवानों ने जेल भरो आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन लिखित आश्वासन मिलने तक वे धरना स्थल पर डटे रहेंगे।

हालांकि इस वार्ता के दौरान वेतनमान के मुद्दे पर सहमति नहीं बनी है। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव ने जानकारी दी कि होमगार्ड के जवानों को नियमित ड्यूटी देने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही 24 घंटे में अधिसूचना जारी करने को लेकर आश्वासन दिया गया है।

गौरतलब है कि राज्य के लगभग 15 हजार होमगार्ड जवान पिछले एक महीने से धरना दे रहे थे। एक अप्रैल को जवानों ने मशाल जुलूस निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया था। इस दौरान जवानों ने कहा था कि अगर सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करती है तो 5 अप्रैल को जेल भरो आंदोलन होगा। मगर सरकार के प्रतिनिधियों से हुई वार्ता सकारात्मक रही। जिसके बाद जवानों ने जेल भरो आंदोलन को स्थगित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *