INTERNET BAN in JHARKHAND: हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा, कोडरमा में इंटरनेट बंद; इलाका छावनी में तब्दील..

झारखंड के 4 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बाधित कर दी गई हैं। इसमें कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और चतरा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान 3 जिलों में दो पक्षों के बीच झड़प हुईं थी। लिहाजा अफवाहों को रोकने के लिए जिला प्रशासन के अनुरोध पर इंटरनेट सेवाओं को रविवार देर रात बंद कर दिया गया। इन जिलों में रहने वाले कुछ उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर इस बारे में मैसेज भेजा गया है। इसमें कहा गया कि सरकार के निर्देशानुसार आपके क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अगली सूचना आने तक बंद कर दी गई हैं।

बरही में मूर्ति विसर्जन में मारपीट, किशोर की मौत..
बता दें, हजारीबाग ज‍िले के बरही थाना अंतर्गत नईटांड गांव में रविवार संध्या विसर्जन जुलूस देखने जा रहे 17 साल के किशोर रूपेश कुमार की एक दूसरे समुदाय से मारपीट के बीच मौत हो गई। वह नईटांड ग्राम निवासी सिकंदर पांडे का पुत्र था। मारपीट में रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रूपेश अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। उधर, घटना के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए ज‍िला प्रशासन ने रव‍िवार की आधी रात से ही इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगा दी है। प्रशासन से ऐसा इसल‍िए क‍िया है क‍ि शरारती तत्‍व इस घटना को लेकर कोई अफवाह उड़ा कर माहौल खराब करने की कोश‍िश नहीं कर सके। इंटरनेट सेवा ठप होने से लोग परेशान हैं। सोमवार सुबह जब लोग सो कर उठे तो पता चला क‍ि इंटरनेट सेवा ठप है।

चतरा और कोडरमा में भी इंटरनेट सेवा ठप..
इधर हजारीबाग के अलावा कोडरमा जिले में भी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आधी रात से इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी है। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग जिला आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन तमाम जिलों में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी हैं। ग्राहकों के मोबाइल पर लगातार जीयो और एयरटेल जैसी कंपनियों की ओर से यह संदेश भेजा जा रहा है कि आपकी इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से स्थगित कर दी गई है।

इंटरनेट बाधित होने के संबंध में पूछे जाने पर झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से बताया गया कि इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी जा सकती। प्रदेश के किन-किन जिलों में सेवाएं रोकी गई हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि भी पुलिस मुख्यालय की ओर से नहीं की गई। वहीं झारखंड पुलिस के IG ऑपरेशन अमोल होमकर वेणुकांत ने कहा कि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी जा सकती। बताया जा रहा है कि कोडरमा, हजारीबाग और गिरिडीह में अलग-अलग गुटों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने तत्काल प्रभावित इलाकों में हालात को नियंत्रित कर लिया।