स्वच्छ पूजा पंडाल में पंच मंदिर हरमू को पहला और रांची रेलवे स्टेशन को दूसरा स्थान..

रांची : दुर्गा पूजा महोत्सव 2021 के अवसर पर रांची नगर निगम क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडालों के बीच “स्वच्छ पूजा पंडाल” के चयन के लिए रांची नगर निगम द्वारा प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी, जिसमें 33 अंकों के साथ प्रथम स्थान पंच मंदिर, हरमू पंडाल, 30 अंकों के साथ द्वितीय स्थान “रांची रेलवे स्टेशन” पंडाल और 26 अंकों के साथ तृतीय स्थान आरआर स्पोर्टिंग क्लब, रातू रोड, रांची पंडाल को मिला है। बता दें कि रांची नगर निगम द्वारा विशेष पहल के तहत दुर्गा पूजा पंडालों और समितियों के बीच “स्वच्छ पंडाल/पूजा स्थल” के चयन के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी।

इसमें उन पूजा पंडालों की समितियों को पुरस्कृत करने का प्राविधान रखा गया था, जो सरकार की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग अंक रखे गए थे। कोविड के प्रोटोकाल और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने पर 10 अंक, पूजा स्थल और पंडाल की साफ सफाई पर पांच अंक, पूजा स्थल व पंडाल के आसपास गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कूड़ेदान में रखने पर 5 अंक और आराध्य मूर्ति व पत्थर की साज-सज्जा में प्राकृतिक रंगों और जैविक रूप से बायोडिग्रेडेबल व इको फ्रेंडली सामग्री का उपयोग करने पर 10 अंक रखे गए थे। इसी तरह प्रसाद वितरण, जल वितरण और पूजा सामग्री संग्रहण जैसे कार्यों में प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने पर भी 20 अंक रखे गए थे। मूर्ति विसर्जन करने के समय सरकारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर 10 अंक का प्रावधान था। यह प्रतियोगिता कुल 70 अंकों की थी।

इस कार्य के लिए रांची नगर निगम ने एक समिति का भी गठन किया गया था, जिसमें सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी को इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। साथ ही सदस्यों में सिटी मैनेजर आफताब आलम, रॉबिन सौरभ कच्छप, जोनल सुपरवाइजर शंकर कुमार, अनिल कुमार गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, कुलेश्वर प्रमाणित व सुबोध कुमार शामिल थे।