हेमंत सरकार पेश करने जा रही नया बजट, अब तीन-तीन करोड़ में बनेंगे 70 विधायकों के आवास..

झारखंड गठन के 22 साल बाद अब विधायकों और अधिकारियों के लिए नए आवास बनेंगे। साथ ही 4 जिलों में कलेक्ट्रेट बिल्डिंग (समाहरणालय) भी बनाएं जाएंगे। 3 मार्च को पेश होने वाले बजट में इसकी घोषणा होगी। भवन निर्माण विभाग ने वित्त विभाग को रांची स्मार्ट सिटी में 70 विधायकों के आवास के लिए 223 करोड़ रुपए का प्रावधान करने की सिफारिश की है। यानी एक विधायक के आवास पर तीन करोड़ से ज्यादा की लागत आएगी। भवन निर्माण विभाग ने अधिकारियों के लिए डोरंडा में आवास के लिए 105 करोड़ और कूटे व लाबे मौजा में श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (ATI) बिल्डिंग के लिए 175 करोड़ के प्रावधान की अनुशंसा की है।

राज्य गठन के बाद से ही विधायकों-अधिकारियों का आवास बनाने की बात हो रही है, लेकिन सरकार बदलते ही जगह बदल जाती है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में विधायकों के लिए ग्रेटर रांची में आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी। मरांड की जाने के बाद HEC परिसर में इसके निर्माण की बात हुई। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में विधानसभा के नए भवन के पास इसे बनाने पर फैसला हुआ। DPR और अन्य कागजी प्रक्रिया भी शुरू हुई। अब हेमंत सोरेन के CM बनने के बाद स्मार्ट सिटी में विधायक आवास बनाने का फैसला लिया गया।

अधिकारियों के लिए 300 आवास बनेंगे, हर साल 3 कैटेगरी के 33-33 आवासों का निर्माण..
अधिकारियों के लिए डोरंडा में इंदिरा पैलेस के पीछे की सरकारी जमीन पर सी, डी और ई टाइप के आवास बनेंगे। हर साल तीनों कैटेगरी के 33-33 आवासों का निर्माण होगा। यानी कुल करीब 100 आवासों का निर्माण होगा। यानी तीन वित्तीय वर्ष में कुल करीब 300 आवासों का निर्माण होगा। भवन निर्माण विभाग ने अगले वित्तीय वर्ष में अधिकारियों के आवास के लिए बजट में 105 करोड़ रुपए का प्रावधान करने का प्रस्ताव भेजा है।

नई ATI बिल्डंग पर 175 करोड़ खर्च होंगे, 24.59 एकड़ जगह चिन्हित की..
भवन निर्माण विभाग ने रांची के कूटे और लाबे मौजा में प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण संस्थान श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (ATI) का नया बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव भी वित्त विभाग को भेजा है। इस पर 175 करोड़ रुपए की लागत आएगी। नया बिल्डिंग कुल 24.59 एकड़ जमीन पर बनेगा। इसमें कूटे मौजा की 7.78 एकड़ और लाबे मौजा की 16.81 एकड़ जमीन शामिल है। अभी ATI बिल्डिंग राजभवन के पास है।

चतरा, बोकारो, देवघर व लोहरदगा में कलेक्ट्रेट बिल्डिंग, 250 करोड़ होंगे खर्च..
बजट में 4 जिलों चतरा, बोकारो, देवघर और लोहरदगा में नया कलेक्ट्रेट बिल्डिंग बनाने की भी घोषणा होगी। हर बिल्डिंग पर 50 से 60 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इससे पहले पलामू, दुमका, पाकुड़, खूंटी, रामगढ़, चाईबासा, गिरिडीह, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां और रांची में नया बिल्डिंग बन चुकी है। धनबाद, गोड्डा और गढ़वा में निर्माण जारी है। गुमला में इसके निर्माण की घोषणा पहले ही हो चुकी है। इसके लिए 10 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे।

Source Link