उत्तराखंड के चमोली में फंसे लोगों को हवाई जहाज से वापस लेकर आएगी हेमंत सरकार..

उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे में सुरक्षित बचे झारखंड के मजदूरों को राज्य सरकार हवाई जहाज से रांची लेकर आएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसके लिए मंजूरी दे दी है जिसके बाद श्रम विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। रांची से श्रम विभाग व संबधित जिलों के अधिकारी, मजदूरों के परिजन को साथ लेकर इन मजदूरों को लाने के लिए हवाई जहाज से उत्तराखंड जायेंगे।

बताया जा रहा है कि श्रम विभाग ने संबंधित जिलों के उपायुक्त व श्रम अधीक्षक को परिजनों को इससे संबंधित जानकारी देने व यात्रा के लिए तैयार कराने का निर्देश दिया है।

कंट्रोल रूम को मिली सूचना के मुताबिक चमोली काम करने गये 33 मजदूर सुरक्षित हैं। इनमें लातेहार के 10, जामताड़ा के सात, हजारीबाग के दो, बोकारो के तीन, रामगढ़ के सात और दुमका के चार मजदूर शामिल हैं। वहीं फिलहाल झारखंड के 14 मजदूरों के लाापता होने कि जानकारी कंट्रोल रूम के पास है।लापता मजदूरों में रामगढ़ के चार, लोहरदगा के नौ और बोकारो का एक मजदूर शामिल हैं। हालांकि उत्तराखंड सरकार ने अब तक राज्य सरकार को लापता मजदूरों की अधिकृत सूची नहीं भेजी है।

आपको बता दें कि झारखंड सरकार चमोली हादसे के बाद से ही लगातार उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों से संपर्क बनाये हुए है। राज्य के मुख्य सचिव ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव से बात भी की है और झारखंड के मजदूरों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। आपदा प्रबंधन सचिव, श्रमायुक्त भी उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग के संपर्क में हैं।