रांची सहित झारखंड के कई जिलों में आज और कल हो सकती है ओलावृष्टि, अलर्ट जारी..

रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट लिया है। रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में रविवार की देर शाम में बारिश हुई। माैसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर है। उन्होंने बताया कि इसके कारण सोमवार को राज्य के उत्तरी और मध्य भाग में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। 11 को पूरे राज्य में बारिश के आसार हैं। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी के बाद बारिश से राहत मिल सकती है। वहीं 16 जनवरी से आसमान के साफ होने की उम्मीद है।

इधर रविवार की शाम हुई बारिश के बाद कृषि विभाग, मौसम विभाग एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग सतर्क हो गया है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के नोडल अफसर ए वदूद ने किसानों के हित के लिए बाकायदा मौसम खेती परामर्श बुलेटिन जारी कर किसानों को पहले से ज्यादा सतर्क हो जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में इस बारिश का असर फसल पर भी पड़ने की बात कही गई है। यही नहीं पशुपालकों से भी खुली जगहों में आगामी तीन दिनों तक वज्रपात होने की संभावना को लेकर पशु नहीं चराने की सलाह दी गई है।

तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई..
बता दें कि सूबे के उत्तरी मध्य भाग में आज और कल कहीं कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई गई है।

तापमान में वृद्धि से किसानी होगी प्रभावित..
तापमान में वृद्धि के संकेत के बीच किसानी के प्रभावित होने की भी संभावना बीएयू के विशेषज्ञों ने जताई है। तापमान में बदलाव होने से आलू की फसल में पाला मारने की संभावना है। इसके लिए किसान खेत के आसपास आग लगाकर रात के तापमान को नियंत्रित कर सकते हैं। साथ ही आलू की फसल में थायो यूरिया का छिड़काव करें।

ठंड से राज्यवासियों को मिलेगी राहत..
बादल छाते है राज्य के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। रांची का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़ोतरी के साथ पिछले 24 घंटे में 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं उच्चतम तापमान बी 26 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। 15 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में दाे से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हाेने की संभावना है।

मौसम विभाग की लोगों से घर में रहने की सलाह..
मौसम की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही लोगों से घरों की खिड़की दरवाज बंद रखने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगर जरूरी नहीं हो तो घर से बाहर नहीं निकलें।