झारखंड में ब‍िगड़ा मौसम, आंधी-तूफान और बारिश के साथ ओलावृष्टि ने बढ़ाई कड़ाके की ठंड..

झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। हर दिन बारिश हो रही है। आज भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी रांची में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। पिछले 24 घंटे में रांची में 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं इस दौारन राज्य में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा में दर्ज हुई है। यहां पिछले 24 घंटे में 43.4 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने का अनुमान लगाया है। 17 जनवरी से कोहरा और धुंध के साथ आकाश साफ हो जायेगा।

ओलावृष्टि से फसलों को हुआ नुकसान..
इधर रामगढ़ जिला अंतर्गत रजरप्पा कोयलांचल क्षेत्र में आज आंधी, तूफान और बारिश के साथ ओलावृष्टि ने जमकर तबाही मचायी है। खासकर किसानों के खेतों में तबाही का मंजर देखने को मिला। रामगढ़ के गोला, दुलमी और चितरपुर प्रखंड क्षेत्र के किसानों के खेतों में लबालब पानी भर गया। साथ ही बर्फ भी जमा हो गया। जिससे आलू और सरसो की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों को लाखों रुपये की क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार चितरपुर, गोला और दुलमी प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसानों को भारी क्षति हुई है।

रांची समेत राज्य के 14 जिलों में कल भी बारिश के आसार..
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के 14 जिलों में गुरुवार को भी बारिश की संभावनना है। रांची के अलावा खूंटी, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, देवघर, धनबाद, गोड्‌डा गिरिडीह के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है।

रांची राज्य भर में सबसे ठंडा..
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 2-3 दिनों तक राज्य में सुबह को हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य का तापमान स्थिर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्‌डा में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।