झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद जेल किए गए शिफ्ट..

झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह को आज दुमका से धनबाद जेल में शिफ्ट किया गया। बता दें की झारखंड हाईकोर्ट ने 23 जुलाई को पूर्व विधायक संजीव सिंह को दुमका जेल से धनबाद जेल शिफ्ट करने का आदेश दिया था। इसके बाद शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें दुमका जेल से धनबाद जेल ले जाया गया। इस दौरान जेल गेट के बाहर काफी संख्या में उनके समर्थक सुबह से ही जुटे थे।

झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह पर अपने चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या का आरोप है। इसी मामले में संजीव सिंह जेल में बंद है। धनबाद जेल प्रशासन ने जेल आइजी के निर्देश पर 21 फरवरी, 2021 को धनबाद से दुमका जेल शिफ्ट कर दिया था। संजीव सिंह की पत्नी और झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह ने राजनीतिक दबाव में दुमका जेल शिफ्ट करने का आरोप लगाया था। उनका आरोप नीरज की पत्नी और झरिया की कांग्रेस विधायक पूर्णिमा सिंह पर था। कहना था कि पूर्णिमा के दबाव में झारखंड सरकार ने संजीव को प्रताड़ित करने के लिए दुमका जेल भेजा है।

गौरतलब है की छह महीने बाद फिर से संजीव सिंह वापस धनबाद जेल लाए गए हैं। संजीव को उसी सेल में रखा जाएगा, जहां वह पूर्व में बंद थे। उनके धनबाद आने से पूर्व जेल की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। यह दूसरा मौका है जब संजीव सिंह को वापस धनबाद लाया जा रहा है। इससे पहले 2017 में भी जेल आईजी के आदेश पर संजीव सिंह को रांची होटवार जेल भेज दिया गया था।