जामताड़ा के पूर्व विधायक विष्णु प्रसाद भैया के निधन पर सीएम ने जताया दु:ख..

जामताड़ा के पूर्व विधायक विष्णु प्रसाद भैया का शनिवार देर रात 10:24 बजे मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। उनके दामाद हरि ओम ने बताया कि विष्णु भैया पहले से ही किडनी रोग से ग्रसित थे। कुछ दिनों से उनकी स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। आज उनका जामताड़ा में अंतिम संस्कार किया जाएगा।16 मार्च को उन्हें रिम्स के क्रिटिकल केयर विभाग में भर्ती किया गया था। डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य ने उनके चेस्ट का एक्सरे किया था। बताया था कि उनके फेफड़े के दाहिने हिस्से में सूजन और पानी जमा हाे गया है।

इस कारण शरीर के दूसरे हिस्से में भी सूजन आ गया है। होली से पहले उन्हें डिस्चार्ज कराकर घर ले जाया गया था। अचानक दोबारा स्थिति बिगड़ने पर मेडिका अस्पताल में डॉ. विजय मिश्रा की देखरेख में भर्ती किया गया था।

बता दे की उनसे मिलने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रिम्स पहुंचे थे। उन्होंने रिम्स प्रबंधन और राज्य सरकार से विष्णु भैया के बेहतर इलाज का प्रबंध करने का आग्रह किया था। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की थी। राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर भी उनसे मिलने 17 मार्च को रिम्स पहुंचे थे। उनकी सेहत में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जामताड़ा से पूर्व विधायक विष्णु भैया के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिजनों को दुःख की इस को घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।