देवघर रोपवे हादसा और लोहरदगा हिंसा के मृतकों के परिवार को पांच लाख मुआवजा, सीएम ने की घोषणा..

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार रात रांची में अपने आवासीय कार्यालय पर उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान देवघर में त्रिकुट पर्वत रोप-वे हादसे और लोहरदगा हिंसा के पीड़ित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया। सरकार ने तय किया है कि दोनों घटनाओं में मरने वाले लोगों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। वहीं घायलों का इलाज सरकार कराएगी। त्रिकुट पर्वत हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है। इसमें 3 की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। लोहरदगा हिंसा में अब तक एक व्यक्ति की मौत की जानकारी दी गई है। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा मुख्य सचिव सुखदेव सिंह सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में देवघर में हुई घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

इसके लिए कमेटी गठित करने की घोषणा की गई। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने पर वीडियो संदेश जारी कर इस कार्य में लगे लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। घटना की जांच का भरोसा दिया था। देवघर में हुए हादसे को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार की तरफ से भी राज्य सरकार को पत्र भेजा गया है। इसमें कई अहम सुझाव दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *