शिक्षा मंत्री इस वर्ष नहीं दे पाएंगे इंटर की परीक्षा..

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो इस वर्ष की इंटरमीडिएट की परीक्षा से बाहर हो गये हैं| 53 वर्षीय मंत्री जगरनाथ महतो इस साल इंटर की परीक्षा देने वाले थे, लेकिन बीमार होने की वजह से वो परीक्षा फॉर्म ही नहीं भर पाए| डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने क्षेत्र के नवाडीह इंटर कॉलेज में कला संकाय में नामांकन लिया था|

दरअसल, फेफड़ो में हुए संक्रमण के कारण उनका लंबे समय से इलाज चल रहा है| हाल ही में चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में इलाजरत शिक्षा मंत्री का लंग्स ट्रांसप्लांट हुआ है| ऐसे में वो इस वर्ष की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे| मंत्री जी अब अगले वर्ष इंटर की परीक्षा दे पाएंगे|

जगरनाथ महतो ने अपने विधानसभा क्षेत्र-डुमरी स्थित देवी महतो स्मारक इंटर महाविद्यालय नावाडीह में एडमिशन लिया था| क्षेत्र के बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए इस स्कूल की स्थापना उन्होंने ही करवायी थी|

इंटर में एडमिशन लेते वक्त शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा था कि इससे शिक्षा के प्रति जनता में अच्छा संदेश जाएगा| उन्होंने राज्य के बच्चों को पढ़ाने की सुदृढ़ व्यवस्था कराने के साथ ही खुद भी पढ़ाई पूरी करने की बात कही थी| शिक्षा मंत्री ने बकायदा पढ़ाई भी शुरू कर दी थी, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वो इस बार की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे| आपको बता दें कि मंत्री जगरनाथ महतो ने 1995 में मैट्रिक पास किया था| लेकिन राजनीतिक व्यस्तताओं के कारण आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पाए|

ठंड के बाद चेन्नई से लौटेंगे घर
मंत्री के करीबीयों ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड में ठंड में थोड़ी कमी होने के बाद जगरनाथ महतो घर लौटेंगे| चेन्नई में इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक अब वो पूरी तरह से ठीक हैं और कभी भी घर जा सकते हैं| लेकिन ठंड के मौसम को देखते हुए झारखंड सरकार की ओर से उन्हें कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी गई है| मुख्यमंत्री ने खुद कहा है कि जबतक ठंड कम नहीं होती तब तक वो चेन्नई में ही आराम करें| चेन्नई का मौसम थोड़ा गर्म है, जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है|