रामगढ़ में जिंदा रहते किया बेटी का अंतिम संस्कार, पुतले का शव बनाया, लगाई आग..

रामगढ़: गोला थाना क्षेत्र के चक्रवाली गांव में प्रेम विवाह से नाराज स्वजनों ने बेटी का पुतला दहन करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि चोकाद गांव निवासी अमर करमाली पिता राजेन्द्र करमाली का चक्रवाली गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। स्वजनों को जब इस रिश्ता का पता चला तो वे इसका विरोध करने लगे। तब प्रेमी युगल ने घर से भाग कर मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद स्वजनों ने लड़की के प्रेम विवाह से नाराज होकर उसका पुतला बनाया और उसके पुतले का अंतिम संस्कार कर दिया।

लड़की के स्वजनों को यह प्रेम विवाह पंसद नहीं आया। बेटी जब समझाने के बावजूद लड़के से रिश्ता तोड़ने को तैयार नहीं हुई तो परिजनों ने नाराज होकर उसका पुतला बनाया। उसके पुतले का अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार की दूसरी प्रक्रियाएं भी हिंदू रीति-रिवाज के साथ पूरी की गईं। परिवार के लोगों को एकत्र कर घर के मुखिया ने समझाया कि वह आज से यह मान लें कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है।

बता दें की इससे पहले बेटी के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने चोकाद गांव के रहने वाले एक युवक के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया। इसमें लड़के पर लड़की को जबरन भगाने का आरोप लगाया गया। आरोप के आलोक में पुलिस ने लड़की और लड़के को हिरासत में ले लिया। दोनों से अलग-अलग तथा एक साथ बैठाकर पूछताछ की गई। लड़के और लड़की ने पुलिस को बताया कि वह दोनों प्रेम करते हैं। दोनों बालिग हैं। अपनी मर्जी एक दूसरे को अपना जीवन साथी चुना है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।