चुनाव के साइड इफेक्ट: झारखंड में विभिन्न दलों के 180 से अधिक नेता-कार्यकर्ता कोरोना के शिकार..

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और मधुपुर उपचुनाव का साइड इफेक्ट अब सामने आने लगा है। चुनाव प्रचार में बंगाल और मधुपुर गए विभिन्न पार्टियों के नेता वापसी के बाद कोरोना संक्रमण साथ लेकर आए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से गए पार्टी नेता और कार्यकर्ता या तो होम आइसोलेशन में हैं या फिर अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं।

भाजपा के प्रमुख नेताओं समेत करीब 95 पार्टी कार्यकर्ता कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के लगभग 35 और झामुमो के 50 नेता व कार्यकर्ता संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत पार्टी के चार विधायक और प्रदेश कमेटी के कई पदाधिकारी अभी होम आइसोलेशन में हैं। मधुपुर के भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह समेत मधुपुर और संथाल के विभिन्न जिलों में पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता संक्रमित हो गए हैं।

अगर झामुमो और कांग्रेस की बात की जाए, तो यहां भी स्थितियां कम विषम नहीं हैं। कांग्रेस के युवा नेता अमिताभ रंजन का कोराेना के कारण मंगलवार को निधन हो गया। इसके पहले कांग्रेस के वरीय नेता पीडी शर्मा का भी निधन हो चुका है। हालांकि, पीडी शर्मा चुनाव प्रचार में नहीं गए थे। मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्र अपने साहेबगंज स्थित आवास पर ही इलाजरत हैं। उनके परिजन भी संक्रमित हो चुके हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय पहले रिम्स और बाद में मेडिका में भर्ती हुए। अभी घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। झामुमो के कार्यालय मंत्री सौरभ भी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे।

भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो एयरलिफ्ट कर हैदराबाद भेजे गए, वहां चल रहा इलाज..
मधुपुर उपचुनाव में सक्रिय रहे भाजपा के सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। विपरीत परिस्थिति में उन्हें एयर एंबुलेंस से हैदराबाद ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पॉजिटिव पाए जाने के बाद धनबाद विधायक राज सिन्हा, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी ने खुद को घर में ही क्वारेंटाइन कर लिया था। राज सिन्हा की स्थिति में सुधार की खबर है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री और मधुपुर के चुनाव प्रभारी रहे आदित्य प्रसाद साहू भी संक्रमित हो गए थे। उन्होंने घर पर ही क्वारेंटाइन रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू भी संक्रमित पाए गए हैं। शिवपूजन पाठक का पूरा परिवार संक्रमित हो गया था। अब इनकी स्थिति में सुधार आ रहा है। हाल ही के दिनों में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद अन्नपूर्णा देवी ने भी काेरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी।