राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर से बढ़ेगी ठंढ ,जाने अपने इलाके के मौसम का हाल..

सोमवार की सुबह राजधानी रांची में मौसम यूं तो साफ रहा लेकिन पश्चिमी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी का एहसास हुआ। पश्चिमी हवा में नमी होने की वजह से सुबह और शाम कनकनी की स्थिति बनी रहेगी। इसके साथ ही कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, पलामू व गढ़वा में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में इन इलाकों में ठंड बढ़ सकती है |

मौसम विभाग के मुताबिक़ रांची के मौसम में 13 फरवरी तक कुछ खास बदलाव होने के आसार नहीं है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ का यहां ज्यादा असर भी देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में सामान्य से हल्की, दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना भी जताई है।

बात करें तापमान की तो कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, पलामू व गढ़वा में औसत न्यूनतम तापमान 07-08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में औसत न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रांची समेत अन्य जिलों का औसत न्यूनतम तापमान 09-10 डिग्री सेल्सियस दर्ज़ किया गया। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राज्य में सबसे अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 28 डिग्री और सबसे न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में 09.6 डिग्री दर्ज़ किया गया है |