राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में सीएम हेमंत सोरेन को शामिल होने का मिला आमंत्रण..

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 28 अक्टूबर से एक नवंबर तक होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 में सम्मिलित होने का आमंत्रण भेजा है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में छत्तीसगढ़ के विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने मुलाकात कर हेमंत सोरेन को कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं। इन सभ्यताओं के संरक्षण तथा उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार काम कर रही है। आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य और लोक संगीत तथा लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी सरकार द्वारा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत तथा नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ के संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री से महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया। विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी लोक शिल्प बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भेंट की। मुख्यमंत्री ने धन्यवाद देते हुए हेतु छत्तीसगढ़ सरकार को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, राज्य प्रशासनिक सेवा, छत्तीसगढ़ के अधिकारी राकेश कुमार गोलछा एवं अन्य लोग मौजूद थे।