कोडरमा: होली को लेकर दो गुटों में हुई झड़प, पुलिस पर पथराव..

कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में होली पर जमकर विवाद हुआ। डोमचांच थाना क्षेत्र के ग्राम बंगाई में शनिवार रात नशे में दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। सूचना पर हालात को संभालने पहुंची पुलिस की टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस के जवानों पर पथराव किया गया। वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। मारपीट करने के साथ हथियार लूटने की कोशिश भी हुई। इसमें SI समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव मौके पर पहुंचे। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, चैतरियाडीह पंचायत के बंगाई गांव में शनिवार शाम पांच बजे होली के दौरान नशे की हालत में दो पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट होने लगी। घटना के बाद, एक पक्ष के लोगों ने डोमचांच थाने पहुंचकर शिकायत की। इसके बाद उन्हें लेकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस के जाने के बाद रात करीब आठ बजे एक पक्ष ने दोबारा पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर डोमचांच थाना पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची।

इस बार पहले पक्ष के बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे घरों की छत पर पत्थर लेकर तैयार थे। जैसे ही पुलिस कर्मी वाहन से पहुंचे, उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। इससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। SI दुर्गा हेस्सा ने कहा कि पथराव के बाद चार-पांच लोगों ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद पटक कर पीटने लगे। एक ग्रामीण ने उनके सिर पर पत्थर से कई बार मारा। बाकी पुलिस के जवानों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। SI के सिर में छह टांके लगे हैं। जवान दशरथ प्रजापति ने कहा कि उसे भी लोगों ने दबोच लिया। हथियार लूटने की कोशिश की गई। इस दौरान मैगजीन गिर गई। वह उसे उठाने के लिए झुके। इसी दौरान तीन-चार लोगों ने उसे दबोच लिया। उन्होंने लात-घूसों से पीटा। वहीं अन्य घायल जवान विराज महतो ने बताया कि किसी तरह से जान बच गई। बताया कि हमलावार पहले से तैयारी थे। जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची, पथराव शुरू हो गया।

अश्लील गाने को लेकर दो पक्ष भिड़े..
इससे पहले चैतरियाडीह पंचायत में काराकूट गांव में शनिवार दो बजे घर के सामने अश्लील गाने बजाने का विरोध करने पर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसको लेकर दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले का शांत कराया।