मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया बिरसा स्मृति पार्क और म्यूजियम का निरीक्षण..

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सर्कुलर रोड स्थित बिरसा मुंडा जेल परिसर में निर्माणाधीन बिरसा स्मृति पार्क और म्यूजियम का निरीक्षण किया | उन्होंने करीब 28 एकड़ में फैले जेल भवन के जीर्णोद्धार एवं बिरसा स्मृति पार्क निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया है | साथ ही , इस महत्वाकांक्षी परियोजना में किसी तरह की कोताही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया | मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा ने जेल के जिस कमरे में दिन गुजारे थे, उस कमरे में भी उनकी प्रतिमा होनी चाहिए ताकि आगंतुक उनके शौर्य और संघर्ष को करीब से देख व जान सकें| मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना भगवान बिरसा मुंडा जी से जुड़ी हुई है, इस बात का सदैव ध्यान रख कार्य करें | कार्य की गुणवत्ता से आश्वस्त होने के उपरांत ही सरकार को यह परिसर सौंपे , क्योंकि सरकार किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं करेगी |

सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा म्यूजियम में अलग-अलग जोन में भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म को देखा , साथ ही वीर शहीदों यथा सिदो-कान्हू, नीलाम्बर-पीताम्बर, दिवा किशुन, गया मुंडा, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, वीर बुधु भगत समेत अन्य शहीदों की लगाये जा रहे जीवनी को हिंदी, अंग्रेजी, मुंडारी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषा में अंकित करने का भी निर्देश दिया है | मुख्यमंत्री ने जेल में गांव का स्वरूप दिये गये परिसर में निर्मित मिट्टी के घर को और बेहतर करने एवं ढेंकी भी रखने को कहा है | मुख्यमंत्री ने पुरानी जेल में अधिक छेड़छाड़ नहीं करने का आदेश दिया है ताकि पुरानी चीज़ों को सहेज कर रखा जा सके|

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने म्यूजियम और पार्क में लगाये जा रहे टाइल्स की गुणवत्ता को परखा और जगह-जगह उखड़ रहे टाइल्स पर अधिकारियों से सवाल किया | वहीं , पार्क के लिए लाए गए पौधों की खराब गुणवत्ता देख मुख्यमंत्री नाराज हुए और तत्काल इन पौधों को हटाकर स्वस्थ पौधे लगाकर पार्क को सुसज्जित करने का निर्देश दिया |