रांची में आए दिन चल रही गोली, दो दिन में हुई दो वारदातें..

झारखंड की राजधानी रांची के बीआईटी ओपी इलाके में दिन दहाड़े एक युवक को गोली मार दी गयी। गोली युवक को पीठ पर लगी, जिससे वह ज़ख्मी हो गया। घायल युवक को आस पास के लोगों ने उसे रिम्स में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक का नाम पिंटू साहू है, जो ओरमांझी क्षेत्र के गारू गांव का निवासी है और पेशे से ड्राइवर है।

घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी ओपी प्रभारी मंदीप उरांव एवं एएसआई रंजीत सिंह मौके पर पहुंचे और अपराधी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। गोली चलाने वाले व्यक्ति का नाम जगमोहन महतो है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पत्नी को भगाने की रंजिश में जगमोहन महतो ने पिंटू साहू को गोली मारी थी।

ऐसा पहली बार नही हुआ है कि अपराधियों ने बीच सड़क पर किसी को गोली मारी हो। इससे पहले कल ही रांची के अरगोड़ा चौक पर चॉमिन दुकानदार ज्ञानी कुमार साहू को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। घायल व्यक्ति ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी ने पीछे से वार किया और गोली मार कर अरगोड़ा तालाब के रास्ते फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभी तक पुलिस को अपराधियों का सुराग तक नहीं मिल पाया है।

गौरतलब है कि आये दिन रांची में आपराधिक कृत्य की संख्या में इजाफा हो रहा है। शहर में अपराधी दिन के उजाले में बेखौफ घूम रहे हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब पुलिस पर भी पिस्तौल तानने से नहीं कतराते। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले चुटिया थाना के जांबाज दरोगा सुभाष लकड़ा से बचने के लिए अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी थी। हालांकि पुलिस ने गत शनिवार को दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रांची में जिस कदर इस प्रकार की वारदातें हो रही हैं, उससे पुलिस और प्रशासन पर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और जानना चाहते हैं कि आखिर पुलिस और प्रशासन इन वारदातों को रोकने की दिशा में क्या कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *