बोकारो की सुनीता कुमारी ने BPSC की सिविल सेवा परीक्षा में पाई 1267वीं रैंक..

झारखंड के बोकारो में रहने वाली सुनीता कुमारी ने बड़ा कीर्तिमान रचा है। 41 वर्षीय सुनीता ने शादी के 19 साल बाद अपने बचपन के सपने को साकार कर दिखाया है। उन्होंने 64वीं बीपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की है और 1267वां स्थान प्राप्त किया है। वो रेवेन्यू ऑफिसर के पद पर अपनी सेवा प्रदान करेंगी।अपनी कर्मठता व सफलता से लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनीं सुनीता बताती हैं कि उन्होंने प्लस टू की शिक्षा बोकारो में ही उच्च विद्यालय सेक्टर 9A से की। 1998 में विज्ञान विषयों से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। उनका विवाह 2002 में बीएसएल में कार्यरत रवि शंकर से हुआ। इसी बीच पुत्री खुशी भारती व पुत्र रूपेश कुमार का जन्म हुआ। बच्चों व परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उनकी पढ़ाई छूट गई लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पति व सास फूलमती देवी के हौसला बढ़ाने से विवाह के 7 वर्ष उपरांत कला वर्ग से उन्होंने स्नातक की पढ़ाई शुरू की और 2011 में परीक्षा उत्तीर्ण की। बचपन से अधिकारी बन कर समाज की सेवा करने का जो सपना देखा था वह अब पूरा करने का समय आ गया था।

सुनीता ने बीपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। उनके दोनों बच्चों, 17 साल की इंटरमीडिएट की छात्रा भारती व 14 वर्षीय नौवीं का छात्र रूपेश कुमार ने उनका खूब उत्साह बढ़ाया। घर का सारा काम, परिवार के सदस्यों की देखभाल व बच्चों का ध्यान रखते हुए उन्होंने हर दिन सात घंटे कड़ी मेहनत से पढ़ाई की। पढ़ाई के लिए न दिन देखा न रात। जब आँख खुली तब पढ़ाई की।अपनी माँ को पढ़ते देख दोनों बच्चे भी पढ़ाई में जुट जाते थे। उनमें भी अपनी माँ की तरह अफसर बनने का जज्बा है।

सुनीता अपनी सफलता में निरंतर अभ्यास को खास मानती हैं। उन्होंने कहा कि किसी काम को ठान लेने और लगन से मेहनत करने पर सफलता जरूर मिलती है। पढ़ते समय विषय को ठीक से समझने और तन्मयता के साथ उसका अध्ययन करना जरूरी है। गृहस्थ जीवन में गृहिणी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है लेकिन उन चुनौतियों से डरे बिना उन्होंने कठिनाइयों का सामना किया, पढ़ाई भी शिद्दत से की। हालांकि सुनीता अभी भी परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। 65वीं बीपीएससी की मुख्य परीक्षा में भी शामिल हो चुकी हैं। उन्हें इसका परिणाम और बेहतर आने की पूरी उम्मीद है।

सुनीता की सफलता की कहानी सुन कर उनकी चहुँओर सराहना हो रही है। शनिवार को संत गाडगे संस्थान बोकारो के अध्यक्ष प्रमोद रजक, महासचिव पारिख राज, प्रवीण कुमार एवं सोनू कुमार ने उन्हें सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *