नहीं रही शहीद अल्बर्ट एक्का की पत्नी बलमदीना एक्का..

गुरुवार रात 2 बजे परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की पत्नी 79 वर्षीय बलमदीना एक्का का निधन हो गया। पिछले कई दिनों से बीमार चल रहीं बलमदीना एक्का ने चैनपुर प्रखंड के प्रेम नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके क्रियाकर्म जारी गांव में किया जाएगा।

परिजनों के मुताबिक उनके पति शहीद अल्बर्ट एक्का की समाधि स्थल के पास ही बलमदीना एक्का को दफनाया जाएगा। आपको बता दें कि जारी प्रखंड में सड़कें खराब हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। गांव में अस्पताल नहीं है, साथ ही बिजली की भी समस्या है। बलमदीना पिछले कई वर्षों से अपने पुत्र विंसेंट एक्का के साथ रह रही थीं।

1968 ईस्वी में बलमदीना एक्का की शादी अल्बर्ट एक्का से हुई थी। शादी के एक साल बाद उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई जिसका नाम विंसेंट एक्का रखा गया। वर्ष 1971 में अल्बर्ट एक्का भारत – पाक युद्ध में शहीद हो गए थे। पति के शहीद होने की खबर सुन कर मानो उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बावजूद उनके चेहरे पर अपने शहीद पति के वीरता के गर्व का भाव था।

बलमदीना एक्का की मृत्यु पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया और कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। साथ ही परिजनों को इस दुःख की घड़ी के उबरने की शक्ति प्रदान करे।