कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय का रांची पहुंचने पर ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत..

रांची: कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन स‍िंंह के भाजपा में चले जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान द्वारा तैनात क‍िए गए नए झारखंड कांग्रेस प्रभारी अव‍िनाश पांडेय आज पहली बार रांची पहुंचे। उनके साथ सह प्रभारी उमंग सिंघार भी हैं। आज शाम छह बजे पार्टी विधायक दल की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में उनका स्वागत हुआ। प्रदेश प्रभारी के स्वागत में पूरे राज्यभर से नेता-कार्यकर्ताओं का जमावड़ा दिखा। नए प्रदेश प्रभारी अव‍िनाश पांडेय का ढोल नगाड़ों से स्वागत किया गया। उनके स्वागत कार्यक्रम में मांडर क्षेत्र के विधायक सह कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के लोगों ने परंपरागत तरीके से उनका स्वागत किया।

रांची पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने सबसे पहले बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। भगवान ब‍िरसा मुंडा की प्रत‍िमा को माल्यार्पण किया। कार्यकर्ताओं के जयकारे के बीच कांग्रेस नेताओं से मिलने के लिए वह रवाना हो चुके हैं। एक घंटा गेस्ट हाउस में आराम करने के बाद वह कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे।

मौके पर पार्टी के विधायक सांसदों के अलावा सरकार में मंत्री रहे डॉ रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, आलमगीर आलम और बादल पत्रलेख भी मौजूद थे। इनके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों के प्रभारी व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ अजय कुमार, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, गीता कोड़ा, जलेश्वर महतो व शहजादा अनवर भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *