परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के पैतृक घर को बनाया जाएगा संग्रहालय..

गुमला: पाकिस्तान की सेना को अपने शौर्य और पराक्रम से मात देने वाले देश के महान सपूत परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के पैतृक घर को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग निदेशालय के निदेशक ने गुमला प्रशासन को पत्र भेजा है। जिसमें अल्बर्ट एक्का के पैतृक घर को संग्रहालय के रूप में विकसित करने के लिए कहा गया है‌। संग्रहालय में शहीद अल्बर्ट एक्का की उन तमाम जानकारियों को संग्रह कर रखा जाएगा, जिससे वर्तमान और आने वाली पीढ़ी ऐसे महानायक के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की सेवा कर सकें। जारी प्रखंड के बीडीओ विभूति मंडल ने कहा कि शहीद के नाम से जारी यह संग्रहालय बनाया जाएगा। इसका पत्र प्राप्त हुआ है लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि संग्रहालय कहां पर बनेगा। इसलिए वरीय अधिकारियों के दिशा निर्देश के आधार पर शहीद के नाम पर संग्रहालय बनाया जाएगा।

शहीद का घर गुमला से 70 किलोमीटर की दूरी पर जारी प्रखंड के जारी गांव में है। शहीद के पैतृक घर फिलहाल कच्ची मिट्टी और खपड़ा का है। शहीद की यादों को जीवित रखने और आने वाली पीढ़ियों को अल्बर्ट एक्का की वीरता की गाथा को बताने के लिए उनके घर को संग्रहालय बनाने बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही जारी गांव में शहीद अल्बर्ट एक्का का संग्रहालय बनाने का मुख्य मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही वीर सेनानियों की वीरता की जानकारी लोगों को देना है। संग्रहालय बनने से दूसरे राज्य और देश के लोग भी जारी गांव भ्रमण करने आएंगे। इससे जारी प्रखंड के विकास का मार्ग भी खुलेगा। बता दें कि जारी प्रखंड छत्तीसगढ़ राज्य से सटा हुआ है। 19 मई 2010 को जारी को प्रखंड का दर्जा मिला था। बाद में प्रखंड का नामकरण शहीद अल्बर्ट एक्का जारी प्रखंड के रूप में किया गया था।